जातिसूचक शब्द मामले में घिरे केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह: पंजाब एससी कमीशन सख्त, संगरूर के एसएसपी से 1 जून तक मांगी रिपोर्ट – Jalandhar News
पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। बिट्टू द्वारा अपने धूरी दौरे के दौरान कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने के मामले में आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है। इस गंभीर मामले को लेकर आयोग ने संगरूर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से रिपोर्ट तलब की है और जांच के आदेश दिए हैं। पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से यह मामला उनके संज्ञान में आया था। सोशल मीडिया पर वायरल हुई खबरों और वीडियो में केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू द्वारा जातिसूचक शब्द इस्तेमाल किए जाने का दावा किया जा रहा था। धूरी दौरे के दौरान का है विवाद मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के धूरी दौरे से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि इस दौरे के दौरान उन्होंने कुछ ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया जो अनुसूचित जाति की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले और जातिसूचक थे। सोशल मीडिया पर मामला गरमाने के बाद आयोग ने तुरंत इस पर एक्शन लिया। एसएसपी संगरूर से मांगी गई रिपोर्ट आयोग के अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कानूनन कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कमीशन ने सोशल मीडिया पर चल रही खबरों और वीडियो के लिंक पुलिस प्रशासन को भेज दिए हैं। इसके साथ ही सीनियर सुप्रीटेंडेंट ऑफ पुलिसृ संगरूर को इस पूरे मामले की गहनता से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। 1 जून तक का दिया समय पंजाब एससी कमीशन ने इस मामले की जांच रिपोर्ट जमा करने के लिए बेहद कम समय दिया है। आयोग ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि एसपी हेडक्वार्टर, संगरूर के माध्यम से इस मामले की पूरी जांच रिपोर्ट 1 जून, 2026 को सुबह नौ बजे तक आयोग के समक्ष पेश की जाए। इस रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
Source link

