पंजाब में पहली बार घर बैठे देखें निगम चुनाव नतीजे: नगर कौंसिल-पंचायत काउटिंग में भी सुविधा; चुनाव आयोग जारी करेगा लिंक, मतगणना कल 8 बजे से – Pathankot News
पंजाब में निकाय चुनाव के नतीजे कल (29 मई) आएंगे। पहली बार लोग घर बैठे इसके नतीजे देख पाएंगे। पंजाब के राज्य चुनाव आयुक्त राजकमल चौधरी ने कहा कि https://sec.punjab.gov.in/en/ वेबसाइट पर रिजल्ट मिलेगा। इसके लिए यहां काउंटिंग का लिंक दिया जाएगा।
.
इससे पहले विधानसभा और लोकसभा के नतीजे ही दिखाए जाते थे। आयुक्त राजकमल चौधरी के मुताबिक काउंटिंग सेंटरों पर भीड़ न हो और लोगों को सटीक नतीजे मिलें, इसलिए यह सुविधा दी जा रही है। काउंटिंग के लिए कुल 115 काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं। 26 मई को पंजाब में 8 नगर निगम, 75 नगर कौंसिल और 21 नगर 104 निकायों के लिए वोटिंग हुई थी।
आयुक्त चौधरी ने बताया कि स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में त्रि-स्तरीय सुरक्षा घेरे के बीच की जा रही है। वीरवार को सभी 115 सेंटरों पर मतगणना स्टाफ को अंतिम रिहर्सल भी करवा दी गई है।
ऐसे दिखेगा रिजल्ट:- राज्य चुनाव आयुक्त राज कमल चौधरी ने बताया कि काउंटिंग सुबह 8 बजे शुरू होगी। जैसे-जैसे वार्डों के राउंड मुकम्मल होते जाएंगे, वैसे-वैसे लिंक पर लोगों को परिणाम दिखने शुरू हो जाएंगे। इसके लिए लोगों को वेबसाइट पर जाकर लिंक खोलना होगा और अपना जिला और वार्ड की जानकारी भरकर परिणाम हासिल किया जा सकेगा। अगर किसी वार्ड की मतगणना अधूरी होगी तो उसका रिजल्ट नहीं दिखेगा।
12 बजे तक तस्वीर होगी साफ राज्य चुनाव आयोग की ओर से सभी जिला चुनाव आयुक्तों को सुबह 8 बजे मतगणना शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। लगभग एक राउंड में एक वार्ड में मतों की गिनती पूरी हो जाएगी। राज्य चुनाव आयुक्त राज कमल चौधरी का कहना है कि संभवत: दोपहर 12 बजे तक सभी नगर निगमों, नगर काउसिलों और नगर पंचायतों की मतगणना पूरी हो जाएगी।
हर सेंटर पर लगेंगे 10 से 14 टेबल चुनाव आयोग के अनुसार हर काउटिंग सेंटर पर 10 से 14 टेबल लगाए जाएंगे। हर टेबल पर 1 कांउटिंग सुपरवाइजर, 2 काउटिंग असिस्टेंट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा, दर्जाचार कर्मचारी मतपेटियों को लाने-लेजाने के लिए तैनात किए गए हैं। इसकी सारी व्यवस्था माइक्रो ऑब्जर्वर लैवल के अधिकारी देखेंगे। जिला चुनाव अधिकारी ओवरऑल इंचार्ज होंगे और सुरक्षा व्यस्था का जिम्मा एसएसपी करेंगे।
अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश को रोकने के लिए काउंटिंग सेंटरों के 100 मीटर के दायरे में सुरक्षा घेरा बनाया गया है। केवल पास धारक उम्मीदवारों और उनके काउंटिंग एजेंटों को ही अंदर जाने की अनुमति होगी।

