गदाईपुर की लकड़ी फैक्टरी में लगी आग, छत तोड़ने के लिए बुलानी पड़ गई क्रेन – Jalandhar News
.
गदाईपुर क्षेत्र में बुधवार को एक लकड़ी के कारखाने से अचानक धुएं का गुबार उठने लगा और देखते ही देखते भीषण लपटों ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। अंदर सूखी लकड़ियों का बड़ा स्टॉक होने के चलते आग तेजी से फैली और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि समय रहते कारखाने के सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की 10 रेस्क्यू मौके पर पहुंचीं, लेकिन उन्हें रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कारखाने की छत पर एक मजबूत लोहे का टिन शेड पड़ा था, जो पानी की बौछारों को आग तक पहुंचने से रोक रहा था। स्थिति को बिगड़ता देख तुरंत एक क्रेन को घटनास्थल पर बुलाया गया। क्रेन के जरिए लोहे के उस शेड को काटकर हटाया गया, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने सीढिय़ों की मदद से ऊपर चढ़कर सीधा आग के मुख्य स्रोत पर पानी डालना शुरू किया।
आग इतनी विकराल थी कि दमकल की गाड़ियों को बार-बार पानी भरकर लाना पड़ा। लकड़ी होने के कारण आग अंदर ही अंदर सुलग रही थी, जिसे पूरी तरह से ठंडा करने में दमकल कर्मियों को काफी पसीना बहाना पड़ा। हादसा कैसे हुआ, फिलहाल इसका कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है। पुलिस और दमकल विभाग का कहना है कि स्थिति पूरी तरह सामान्य होने के बाद ही नुकसान का सटीक आंकलन और आग लगने के असली कारणों की जांच की जाएगी।

