पटियाला में घग्गर का पानी 4 फीट से नीचे पहुंचा: किसानों और ग्रामीणों ने ली राहत की सांस, बाढ़ का खतरा फिलहाल टला – Patiala News
पटियाला जिले के घनौर क्षेत्र से गुजरने वाली घग्गर नदी का जलस्तर लगातार कम होने से आसपास के गांवों के लोगों ने राहत की सांस ली है। रविवार दोपहर तक नदी में पानी का स्तर चार फीट से भी नीचे पहुंच गया, जो 16 फीट के खतरे के निशान से काफी कम है। पहाड़ी और ऊपरी क्षेत्रों में बारिश रुकने के कारण नदी में पीछे से आने वाले पानी की मात्रा में कमी आई है। उल्लेखनीय है कि पटियाला और संगरूर जिलों के कई इलाकों को हर वर्ष मानसून के दौरान घग्गर नदी में बाढ़ के कारण भारी नुकसान उठाना पड़ता है। नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के गांवों और कृषि भूमि में पानी भरने का खतरा बना रहता है। पिछले तीन दिनों के दौरान घनौर क्षेत्र के आगे घग्गर नदी का पानी खेतों में पहुंच गया था, जिससे कई स्थानों पर धान की फसलें डूब गई थीं। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई थी। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश नहीं होने से कम हुआ पानी का बहाव हालांकि, पिछले कुछ समय से पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश नहीं होने के कारण वहां से आने वाले पानी का बहाव कम हुआ है। इसी के चलते घग्गर नदी का जलस्तर लगातार नीचे जा रहा है। जलस्तर कम होने से फिलहाल आसपास के गांवों के लोगों और किसानों को बड़ी राहत मिली है। वहीं, मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश और पंजाब में आगामी एक सप्ताह के दौरान बारिश की चेतावनी जारी की है। जिससे लोगों की चिंता अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पहाड़ी क्षेत्रों में दोबारा भारी बारिश होती है तो घग्गर नदी का जलस्तर फिर बढ़ सकता है। फिलहाल नदी का पानी खतरे के निशान से काफी नीचे है, लेकिन मानसून और बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों की नजर लगातार घग्गर के जलस्तर पर बनी हुई है।
Source link

