बीच सड़क 60शॉट चला पत्नी का जन्मदिन मनाना पड़ा भारी: पुलिस ने काटा 7 हजार का चालान, आरोपी ने मांगी माफी – Ludhiana News
लुधियाना में पत्नी का जन्मदिन मनाने के नाम पर बीच सड़क और फ्लाईओवर पर सरेआम कानून की धज्जियां उड़ाने का एक मामला सामने आया है। साउथ सिटी रोड और फिरोजपुर रोड फ्लाईओवर पर खुलेआम भारी पटाखे फोड़कर राहगीरों की सुरक्षा को खतरे में डाला गया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इस गंभीर मामले का संज्ञान लेते हुए लुधियाना पुलिस ने तुरंत सख्त कार्रवाई की और अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर इसकी जानकारी साझा की है। पुलिस की चेतावनी के बावजूद नहीं माने युवक यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब गुरलाल सिंह नाम की सोशल मीडिया आईडी से जन्मदिन के जश्न का एक वीडियो अपलोड किया गया। वीडियो में साफ नजर आ रहा था कि: साउथ सिटी रोड: शुरुआत में युवकों ने यहां आतिशबाजी की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें रोककर सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया। फिरोजपुर रोड फ्लाईओवर: पुलिस के जाने के बाद भी युवकों की हुड़दंगबाजी नहीं थमी। वे सीधे फिरोजपुर रोड फ्लाईओवर पर पहुंचे और व्यस्त ट्रैफिक के बीच 60 शॉट वाले भारी पटाखे चलाए। वायरल वीडियो में युवक यह कहते हुए भी सुनाई दे रहा था कि पुलिस ने उन्हें मना किया था, लेकिन वे आगे जाकर पटाखे चलाएंगे। इस खतरनाक आतिशबाजी से बड़ा हादसा हो सकता था, जिसे लेकर शहरवासियों में काफी रोष था। पुलिस की कड़ी कार्रवाई: 7 हजार का कटा चालान वीडियो वायरल होने और मामला तूल पकड़ने के बाद लुधियाना पुलिस पूरी तरह हरकत में आई। पुलिस ने तुरंत कड़ा रुख अपनाते हुए ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने और सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग मचाने पर 7,000 रुपये का भारी-भरकम चालान काट दिया। पुलिस कमिश्नरेट लुधियाना ने इस कार्रवाई की जानकारी अपने आधिकारिक पेज पर भी साझा की है। आरोपी ने अपनी गलती पर माफी मांगी है। उसने सार्वजनिक तौर पर अपनी भूल स्वीकार करते हुए अपील की मुझसे यह बहुत बड़ी गलती हो गई थी। वैसी हरकत आप लोग बिल्कुल न करें और मैं भी भविष्य में कभी ऐसी गलती नहीं दोहराऊंगा। पुलिस प्रशासन की सख्त चेतावनी लुधियाना पुलिस ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि शहर में इस तरह की अनुशासनहीनता और हुड़दंगबाजी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़क पर आम जनता की जान को जोखिम में डालकर जश्न मनाने वालों के खिलाफ भविष्य में और भी अधिक सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
