अबोहर में नहर से मिला नग्न अवस्था में अज्ञात शव: 4-5 दिन पुराने शव की पहचान नहीं, शरीर पर कपड़े का एक धागा भी नहीं – Abohar News
गांव वरियामखेड़ा के पास शुक्रवार शाम लंबी माइनर नहर से एक अज्ञात युवक का गल-सड़ चुका शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। नग्न अवस्था में मिले इस शव की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि उसकी पहचान कर पाना बेहद मुश्किल हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि शव करीब 4 से 5 दिन पुराना है और पानी में पड़े रहने के कारण पूरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका है। घटना का खुलासा तब हुआ जब शाम करीब 4:30 बजे एक राहगीर ने नहर में शव फंसा देखा और इसकी सूचना तुरंत ‘नर सेवा नारायण सेवा समिति’ को दी। सूचना मिलते ही समिति के सदस्य बिट्टू नरूला और सोनू ग्रोवर तत्काल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद नग्न अवस्था में पड़े शव को बाहर निकाला। आसपास के गांवों में पहचान की कोशिशें नाकाम घटना की सूचना मिलते ही चौकी पटी सदीक से पुलिस कर्मचारी लखविंदर सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बिट्टू नरूला के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष प्रतीत हो रही है। शव के पूरी तरह गल जाने और पहचान मिट जाने के कारण पुलिस ने आसपास के गांवों में भी पूछताछ की, लेकिन फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवाया गया शव पुलिस ने समाज सेवी संस्था की मदद से शव को पहचान और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस का कहना है कि आसपास के जिलों व थानों में दर्ज गुमशुदगी (Missing Person) की रिपोर्ट खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों और यह मामला हत्या का है या हादसे का, इसका खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Source link
