डेराबस्सी में बारिश से हाईवे पर लगा जाम: ट्रैफिक हवलदार ने खुद फावड़ा उठाया, ड्रेन साफ कर बहाल कराया यातायात – Mohali News
मंगलवार को डेराबस्सी के भांखरपुर स्थित अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया, जिससे लंबा जाम लग गया। इस दौरान ट्रैफिक हवलदार मेजर सिंह ने अपनी ड्यूटी से बढ़कर कार्य करते हुए लोगों का दिल जीत लिया। सड़क पर पानी भरने और वाहनों की लंबी कतारें लगने के बाद, मेजर सिंह ने किसी अन्य विभाग का इंतजार किए बिना खुद फावड़ा उठाकर बंद ड्रेन की सफाई शुरू कर दी। बताया गया कि निर्माणाधीन ओवरब्रिज से बहकर आई मिट्टी के कारण ड्रेन चोक हो गई थी। लगातार बारिश से पानी सड़क पर जमा होने लगा और हाईवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। जाम बढ़ता देख, हवलदार मेजर सिंह ने पास से फावड़ा लिया और ड्रेन में जमा मिट्टी हटानी शुरू कर दी। इस दौरान उनका साथी ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में जुटा रहा। आधे घंटे बाद शुरू हुई ड्रेन से पानी की निकासी करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद ड्रेन से पानी की निकासी शुरू हो गई। धीरे-धीरे सड़क पर भरा पानी कम हुआ और लगभग एक घंटे के भीतर हाईवे पर यातायात सामान्य हो गया। इस त्वरित कार्रवाई से सैकड़ों वाहन चालकों को भारी जाम से राहत मिली। बारिश में पूरी तरह भीगने के बावजूद हवलदार मेजर सिंह लगातार अपने काम में डटे रहे। उनके इस प्रयास की स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने जमकर सराहना की। कई राहगीरों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना दर्शाती है कि ट्रैफिक पुलिस की भूमिका केवल चालान काटने या यातायात नियंत्रण तक सीमित नहीं है। हवलदार मेजर सिंह ने परिस्थितियों के अनुसार स्वयं मैदान में उतरकर यह साबित किया कि जनसेवा केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि संवेदनशीलता का भी परिचय है।
Source link

