चंडीगढ़ में करंट से PhD स्कॉलर युवती की मौत: PU में गर्ल्स हॉस्टल से जाते वक्त गिरी; हरियाणा की रहने वाली, अगले महीने शादी थी – Chandigarh News
करंट लगने के बाद छात्रा (लाल घेरे में) जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद दूसरे स्टूडेंट्स ने उसे बचाने की कोशिश की। इनसेट में छात्रा ज्योति का फाइल फोटो।
चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) में मंगलवार सुबह PhD स्कॉलर युवती की करंट लगने से मौत हो गई। वह गर्ल्स हॉस्टल से अपने विभाग में पढ़ाई के लिए जा रही थी। इसी दौरान वह अचानक कच्चे रास्ते पर नीचे गिर पड़ी। यह देखकर स्टूडेंट्स उसे उठाने के लिए दौड़े।
.
जब तक वह युवती को अस्पताल ले गए, उसकी मौत हो चुकी थी। मरने वाली युवती हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली थी। अगले महीने उसकी शादी होने वाली थी। वह गर्ल्स हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। शुरूआती जांच में इसे करंट लगने से मौत माना जा रहा है। हालांकि, अभी जांच की जा रही है।
वहीं, छात्रा के परिवार को सूचित कर दिया गया है। उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना को लेकर एक स्टूडेंट ने कहा-
नॉर्थ कैंपस व साउथ कैंपस के बाहर पानी जमा हो जाता है। इसी एरिया में गर्ल्स हॉस्टल है। वहां इलेक्ट्रिक पोल से शॉर्ट हो गया। इस वजह से करंट आ गया। जैसे ही ज्योति वहां से गुजरने लगी तो उसे करंट लग गया।

वहीं, इस घटना से गुस्साए स्टूडेंट्स ने PU के वाइस चांसलर (VC) प्रो. रेणु विज के ऑफिस का घेराव कर दिया है। स्टूडेंट्स गेट तोड़कर अंदर घुस गए। माहौल तनावपूर्ण देखते हुए यहां चंडीगढ़ पुलिस के जवान तैनात कर दिए गए हैं।

युवती ज्योति का फाइल फोटो। करंट लगने से उसकी मौत हो गई।

जहां छात्रा की करंट लगने से मौत हुई, वहां बारिश के बाद इस तरह से पानी भरा हुआ था।
कच्चे रास्ते पर अचानक गिर पड़ी छात्रा
यूनिवर्सिटी प्रशासन के मुताबिक, रेवाड़ी की ज्योति (28) पंजाब यूनिवर्सिटी में माइक्रोबायोलॉजी विभाग की PhD स्कॉलर थी। मंगलवार सुबह वह गर्ल्स हॉस्टल-10 से माइक्रोबायोलॉजी विभाग जा रही थीं। इस दौरान गर्ल्स हॉस्टल-8 और यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (UIET) को जोड़ने वाली सड़क के किनारे बने कच्चे रास्ते से गुजरते समय अचानक नीचे गिर पड़ी।
स्टूडेंट मौके पर पहुंचे तो करंट लगने का पता चला
इसके बाद दूसरे स्टूडेंट उसकी मदद के लिए तुरंत वहां पहुंचे। तब पता चला कि ज्योति को करंट लगा है। स्टूडेंट्स ने यूनिवर्सिटी के कर्मचारियों की मदद से ज्योति को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसका पता चलने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने यूनिवर्सिटी कैंपस में धरना लगा दिया।
छात्रों के धरना-प्रदर्शन के PHOTOS…

पीयू में करंट से छात्रा की मौत के बाद प्रदर्शन करते स्टूडेंट्स।

VC के ऑफिस का घेराव करते स्टूडेंट्स, यहां पुलिस फोर्स भी तैनात कर दी गई है।

छात्रा की मौत से गुस्साए स्टूडेंट्स VC ऑफिस के घेराव के लिए गेट पर चढ़ गए। सिक्याेरिटी गार्ड्स ने इस गेट को बंद कर दिया है।
स्टूडेंट बोला- अगले महीने शादी थी
PU के स्टूडेंट प्रथम सिंगला ने बताया कि मृतका की 25 से 26 साल उम्र थी। अगले ही महीने उसकी शादी होने वाली थी। आज करंट लगने से उसकी मौत हो गई। हम SDO-XEN के पास गए, लेकिन वे मौजूद नहीं थे। उनके वर्कर चाय पी रहे थे। उनका कहना था कि बारिश का किसी पर कंट्रोल नहीं है।
VC ने जांच का आश्वासन दिया
वहीं, स्टूडेंट के विरोध को देखते हुए VC रेणु विज स्टूडेंट्स से मिलने आईं। करीब 10 मिनट की बातचीत में उन्होंने स्टूडेंट को समझाया कि इस मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी। VC ने आश्वासन दिया कि एक कमेटी गठित की जाएगी। सारे मामले की जांच करेगी।
स्टूडेंट्स बोले- अब हम झुकने वाले नहीं
हालांकि, स्टूडेंट अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। उनकी दलील है कि हर बार ऐसा ही होता है, लेकिन कोई उचित कार्रवाई नहीं होती। ऐसे में जब तक एक्शन नहीं होगा, वे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि अब वह झुकने वाले नहीं है। अगर स्टूडेंट के संघर्ष से भारत सरकार के मंत्री को इस्तीफा देना पड़ सकता है तो PU प्रशासन को भी उनकी मांगें सुननी होंगी।
कहां से आया करंट, जांच की जा रही
फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं है कि ज्योति को करंट किस चीज से लगा। यह करंट किसमें आया था। चंडीगढ़ पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन मौके की जांच कर रहे हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि करंट बिजली के खंभे, स्ट्रीट लाइट, खुले तार या किसी अन्य जगह से फैला या कहीं और से? इसके अलावा बिजली सप्लाई में भी लापरवाही की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद छात्रों ने कैंपस की बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि खासकर बारिश के मौसम में बिजली के खंभों, स्ट्रीट लाइटों और खुले तारों की नियमित जांच होनी चाहिए, ताकि ऐसे हादसे रोके जा सकें। छात्रों ने पूरे कैंपस का सुरक्षा ऑडिट कराने और जहां भी खतरा हो, वहां तत्काल सुधार की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही हादसे की असली वजह सामने आएगी।

॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰
पंजाब में पहली बार बारिश का रेड अलर्ट:चंडीगढ़ से लौट रहे परिवार की कार खाई में गिरी, 5 मरे; हिमाचल में बाढ़ से घर-गाड़ियां दबीं

पंजाब-चंडीगढ़ में पहली बार मौसम विभाग ने आज बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। लोगों को पेड़-खंबों की आड़ न लेने और जलभराव वाली जगहों से दूर रहने की सलाह दी गई है। 31 जुलाई तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। लगातार बारिश से भाखड़ा और पौंग डैम में पानी का स्तर डेंजर लेवल के पास पहुंच रहा है। पढ़ें पूरी खबर…

