राजपुरा केयरटेकर ने ही की बुजुर्ग महिला की हत्या: विदेश रह रहे परिजनों को सामान्य मौत बताया, लौटने पर CCTV देखी तो खुला राज – Patiala News
राजपुरा के थाना सदर पुलिस ने एक बेहद सनसनीखेज हत्या के मामले का पर्दाफाश किया है। गांव गद्दो माजरा निवासी बुजुर्ग महिला मनजीत कौर की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उनकी केयरटेकर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इस अंधे कत्ल की गुत्थी उस समय सुलझी जब विदेश से लौटे मृतका के परिजन जसविंदर सिंह ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में केयरटेकर महिला बुजुर्ग का मुंह तकिये से दबाकर हत्या करती हुई साफ दिखाई दे रही है। पुलिस को दी गई शिकायत में मृतका की बहू परमिंदर कौर ने बताया कि उनकी सास मनजीत कौर घर में अकेली रहती थीं। उनकी देखभाल के लिए जून महीने के पहले सप्ताह में गांव की ही रहने वाली सुनीता कौर को बतौर केयरटेकर रखा गया था। सुनीता को 15 हजार रुपये मासिक वेतन तय कर 50 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे। गत 22 जुलाई 2026 की रात करीब 10:15 बजे केयरटेकर सुनीता कौर ने परिजनों को सूचना दी कि मनजीत कौर आंखें नहीं खोल रही हैं। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो बुजुर्ग महिला बिस्तर पर मृत पड़ी थीं, जिसे उस समय स्वाभाविक मौत मान लिया गया था। बीमारी और गंद फैलाने से परेशान होकर दी वारदात को अंजाम पुलिस जांच में हत्या के पीछे की वजह बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली सामने आई है। वृद्धावस्था और बीमारी के चलते मनजीत कौर अक्सर बिस्तर पर ही शौच कर देती थीं, जिससे केयरटेकर सुनीता कौर काफी चिढ़ती और परेशान रहती थी। वहीं, 50 हजार रुपये का एडवांस लेने के कारण वह काम भी नहीं छोड़ पा रही थी। इसी खुन्नस और रंजिश के चलते आरोपी केयरटेकर ने सुनियोजित तरीके से बुजुर्ग महिला का तकिये से दम घोंटकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज थाना सदर राजपुरा पुलिस ने परिजनों की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के पुख्ता सबूतों के आधार पर आरोपी केयरटेकर सुनीता कौर के खिलाफ एफआईआर नंबर 54 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच तेजी से की जा रही है।
Source link

