अबोहर में नशा मुक्ति के उपचार में युवक की मौत: दवा की अधिक खुराक लेने से बिगड़ी हालत, पड़ोसी अस्पताल ले गए पर चली गई जान – Abohar News
अबोहर से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां नशा छोड़ने की कोशिश कर रहे 25 वर्षीय युवक की दवा की ओवरडोज लेने से मौत हो गई। मृतक की पहचान धर्म नगरी गली नंबर-2 के निवासी शन्नी पुत्र राजकुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रविवार को जब घर के सभी सदस्य अपने-अपने काम पर गए हुए थे, तब शन्नी घर में अकेला था। इसी दौरान उसने नशा मुक्ति के लिए दी गई दवा का निर्धारित मात्रा से अधिक सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। युवक की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही पड़ोसियों और परिजनों ने उसे तुरंत संभाला और आनन-फानन में सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है। पहले भी तय खुराक से ज्यादा गोलियां खाने का था आदी परिजनों ने बताया कि शन्नी लंबे समय से नशे की लत से जूझ रहा था और उसका इलाज सरकारी अस्पताल के नशा मुक्ति केंद्र से चल रहा था। उन्होंने खुलासा किया कि शन्नी अक्सर डॉक्टरों द्वारा बताई गई खुराक से अधिक गोलियां खा लेता था। घटना से एक दिन पहले भी उसने तय सीमा से ज्यादा दवा का सेवन किया था। रविवार को भी अधिक मात्रा में गोलियां निगलने के कारण उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई, जो अंततः उसकी जानलेवा साबित हुई।
Source link

