जगराओं क्लीनिक डकैती में पति-पत्नी समेत 4 गिरफ्तार: मरीज बनकर आए और पिस्तौल के बल पर बनाया बंधक, 3 दिन के रिमांड पर लिया – Jagraon News

जगराओं क्लीनिक डकैती में पति-पत्नी समेत 4 गिरफ्तार:  मरीज बनकर आए और पिस्तौल के बल पर बनाया बंधक, 3 दिन के रिमांड पर लिया – Jagraon News




जगराओं के रायकोट रोड स्थित चौपड़ा अस्पताल में दिनदहाड़े हुई फिल्मी अंदाज में डकैती के मामले को पुलिस ने सुलझाने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिधवां बेट निवासी राहुल सिंह, आकाशदीप सिंह उर्फ आकाश, बेअंत कौर और बलवंत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है, जबकि वारदात में शामिल मास्टरमाइंड और उसका एक अन्य साथी अभी फरार बताए जा रहे हैं। मरीज बनकर घुसे थे बदमाश, गोलियां दिखाकर दी थी जान से मारने की धमकी वारदात की जानकारी देते हुए पीड़ित डॉ. विजय चोपड़ा ने बताया कि आरोपी योजनाबद्ध तरीके से अस्पताल में दाखिल हुए थे। पहले पांच युवक और उनके पीछे एक महिला मरीज बनकर इलाज कराने के बहाने अंदर आए। जैसे ही डॉक्टर ने ग्लूकोज चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की, बदमाशों ने पीछे से उन्हें दबोच लिया। आरोपियों ने डॉक्टर के मुंह पर टेप चिपका दी और पिस्तौल तानकर उसमें भरी गोलियां दिखाते हुए शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने डॉक्टर की जेब से करीब 1 लाख रुपये (जिसमें अमेरिकी डॉलर भी शामिल थे), हाथ की सोने की अंगूठी और गल्ले में पड़े 1.5 लाख रुपये समेत कुल ढाई लाख रुपये की नकदी व गहने लूट लिए। डॉक्टर की पत्नी पर हमला कर घर में घुसने का प्रयास, शोर मचने पर भागे डॉक्टर की पत्नी रेखा चोपड़ा के अनुसार, लुटेरों ने वारदात के दौरान पानी मांगने के बहाने घर के अंदरूनी हिस्से तक पहुंचने की कोशिश की। जब वह पानी देने लगीं तो एक आरोपी ने उनका मुंह दबाने का प्रयास किया। हालांकि, उन्होंने हिम्मत दिखाकर खुद को छुड़ाया और जोर-जोर से शोर मचा दिया। मां की आवाज सुनकर उनका बेटा कुर्सी उठाकर आरोपियों की तरफ दौड़ा, जिससे घबराकर आरोपी मौके पर ही अपना मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज और छोड़े गए मोटरसाइकिल से मिले अहम सुराग वारदात के बाद पुलिस और सीआईए स्टाफ की टीमों ने घटनास्थल का जायजा लिया। आरोपी हड़बड़ी में अपना मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़ गए थे। इसके अलावा अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें आरोपियों के चेहरे साफ नजर आ रहे थे। इन्हीं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को दबोच लिया। मास्टरमाइंड की तलाश जारी, पुलिस खंगाल रही आपराधिक रिकॉर्ड सीआईए स्टाफ के इंचार्ज अमृतपाल सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी डकैती की इस पूरी साजिश का हिस्सा थे। वारदात की रेकी करने वाला और मुख्य रूप से डकैती को अंजाम देने वाला मास्टरमाइंड अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से लूटी गई रकम, सोने की अंगूठी और वारदात में इस्तेमाल किए गए अवैध हथियारों की बरामदगी के लिए पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने इससे पहले क्षेत्र में कितनी अन्य वारदातों को अंजाम दिया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *