पाइपलाइन डालते वक्त सीवरेज के पाइप टूटे, हाइवे पर न सफाई और न रिपेयर, ग्रिलें कमजोर – Jalandhar News
भास्कर न्यूज | जालंधर नेशनल हाइवे पर सरफेस वाटर प्रोजेक्ट की पाइपलाइन डालने के बाद सीवरेज नेटवर्क प्रभावित हुआ है। सीवरेज की पाइपें टूट गईं। मोहल्लों में सीवरेज ब्लॉक हो गया। जिसके बाद मंगलवार को मेयर वनीत धीर और अफसरों ने हाइवे का दौरा किया। इस दौरान एक नया मुद्दा भी सामने आया। हाइवे के किनारे नेशनल हाइवे अथारिटी ग्रिलें लगा रही है। मेयर धीर ने चेकिंग के बाद कहा कि ग्रिलों की क्वालिटी ठीक नहीं है। ये वजन में हलकी हैं। इंडस्ट्रियल एस्टेट की इंडस्ट्री के प्रेसिडेंट सूबा सिंह ने सफाई की दिक्कतों का मुद्दा रखा है। यहां आप नेता दिनेश ढल्ल भी मौजूद रहे। यह इलाके प्रभावित: पठानकोट बायपास चौक और इसके आसपास का कमर्शियल एरिया, इंडस्ट्रीयल एस्टेट, अमन नगर और न्यू अमन नगर, संतोषी नगर, गुरु गोबिंद सिंह एवेन्यू, शिव नगर और न्यू शिव नगर, मकसूदां फ्लाईओवर के नीचे और दोनों तरफ के सर्विस लेन क्षेत्र प्रभावित हैं। 1. हाईवे पर ग्रिलों की क्वालिटी बेहद घटिया सरफेस वाटर और गैस पाइपलाइन डालने वाली कंपनियों ने जगह-जगह से सीवरेज पाइप तोड़ दिए हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मेयर धीर ने कहा कि नेशनल हाईवे पर जो ग्रिलें लगाने का काम चल रहा है, उसकी क्वालिटी कमजोर है। 2. हाइवे पर उगी पड़ी हैं झाड़ियां, लाइटें खराब हाइवे की सफाई पर भी सवाल उठा। दौरे के दौरान सामने आई बदहाली का जिक्र करते हुए मेयर ने कहा कि हाईवे के किनारे अभी कुछ समय पहले जो नई ग्रिलें लगाई गई थीं, वे भी जगह-जगह से ढीली होकर खराब हो चुकी हैं। इनमें उगी झाड़ियों के बीच बरसाती नाले का पानी भी घूम रहा है। हाईवे की मेंटेनेंस का काम पूरी तरह शून्य है। 3. नगर निगम अपने सीवरेज की रिपेयर करेगा निगम अधिकारियों ने मौके पर ही इन खामियों को नोट किया है और संबंधित विभागों व कंपनियों को फटकार लगाते हुए जल्द से जल्द सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने और घटिया निर्माण कार्य को सुधारने के निर्देश जारी किए हैं। इधर… शैलानी देवी मंदिर एरिया के कारोबारी पहुंचे हाइवे अथॉरिटी के दफ्तर हाइवे पर आईओसी डिपो के पास सर्विस लेन पर पानी जमा होने की गंभीर समस्या है। यहां के दुकानदार संजीव कुमार ने बताया कि मेन हाइवे की लेन से सर्विस लेन का लेवल काफी नीचे है। विडंबना यह है कि यहां पर सीवरेज की कनेक्टिविटी बिल्कुल नहीं है। इसके चलते हल्की बारिश के बाद भी जमा पानी कई-कई दिन अटका रहता है, जिससे राहगीरों और दुकानदारों का जीना मुहाल हो गया है। इस मुद्दे पर कारोबारी मंगलवार को कालिया कालोनी स्थित नेशनल हाइवे अथॉरिटी के दफ्तर पहुंचे। यहां पर उन्होंने प्रोजेक्ट डायरेक्टर संजीव मिश्रा के दफ्तर में लिखित लेटर देकर अपनी नाराजगी जताई। पीड़ित दुकानदारों ने पुरजोर मांग की है कि इस समस्या का तुरंत संज्ञान लेकर पानी की निकासी का स्थायी प्रबंध किया जाए, ताकि उन्हें इस नरकीय स्थिति से राहत मिल सके।
Source link

