श्री अकाल तख्त साहिब से आज निकलेगा मीरी-पीरी खालसा मार्च: सिंह साहिबान और पंथ की प्रमुख हस्तियां होंगी शामिल – Amritsar News
अमृतसर, श्री अकाल तख्त साहिब से आज 24 जुलाई को मीरी-पीरी खालसा मार्च की शुरुआत होगी। छठे पातशाह श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी के मीरी-पीरी दिवस को समर्पित इस मार्च का आयोजन श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार के आदेश पर किया जा रहा है। मार्च की शुरुआत श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के बाद होने वाले गुरमत समागम के पश्चात होगी। इस अवसर पर सिंह साहिबान, विभिन्न तख्त साहिबान के जत्थेदार, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सहित पंथ की प्रमुख धार्मिक और सामाजिक हस्तियां विशेष रूप से शामिल होंगी। यह मार्च श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया और पांच प्यारों की अगुवाई में सजाया जाएगा। धर्म प्रचार कमेटी के सचिव गुरिंदर सिंह मथरेवाल ने बताया कि मीरी-पीरी खालसा मार्च का मुख्य उद्देश्य गुरमत का प्रचार-प्रसार करना और संगत को श्री अकाल तख्त साहिब के सिद्धांतों तथा आदेशों से अवगत करवाना है। मार्च के दौरान एक विशेष बस के माध्यम से गुरु साहिबान और शहीद सिंहों के शस्त्रों के संगत को दर्शन करवाए जाएंगे। इसके अलावा सिख इतिहास और संघर्ष को दर्शाने वाले पोस्टरों से सजी गाड़ियां भी मार्च का हिस्सा होंगी। यह मार्च श्री अकाल तख्त साहिब से सुबह 9 बजे शुरू होकर हाल गेट, भंडारी पुल, पुतलीघर, गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी, छेहरटा साहिब, इंडिया गेट बाईपास, खासा, घरिंडा, अटारी और कई गांवों से होते हुए गुरुद्वारा बीड़ बाबा बुड्ढा साहिब जी, ठट्ठा, तरनतारन पहुंचेगा, जहां रात का विश्राम होगा। इसके बाद 25 जुलाई को मीरी-पीरी खालसा मार्च तरनतारन साहिब के लिए रवाना होगा। आयोजकों ने संगत से परिवार सहित इस ऐतिहासिक खालसा मार्च में शामिल होने की अपील की है।
Source link

