मोहाली में प्रेम संबंध से इनकार पर थार फेंका तेजाब: मोहाली की संगीतकार की शिकायत पर कारोबारी सहित चार के खिलाफ केस दर्ज – Kharar News
मोहाली में एक महिला संगीतकार (म्यूजिक आर्टिस्ट) की थार गाड़ी पर तेजाब (Acid) फेंककर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि पुराने प्रेम संबंधों और शादी के प्रस्ताव को ठुकराने के कारण इस वारदात को अंजाम दिय
.
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर सन्नी एनक्लेव निवासी कोयला कारोबारी सुखपाल सिंह खीपल, उसके ड्राइवर अर्श (निवासी मानसा), कर्मचारी जस्सी (निवासी मटौर) और गनमैन फौजी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 324(4), 351(2) और 3(5) के तहत FIR दर्ज कर ली है।
पहले पत्नी से विवाद की बात कह रखा शादी का प्रस्ताव
32 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2022 में उसकी पहचान प्रॉपर्टी व कोयला कारोबारी सुखपाल सिंह खीपल से हुई थी। धीरे-घीर उनके बीच दोस्ती हो गई। पीडि़ता ने बताया कि उनके बीच दोस्ती बढ़ने के बाद दोनों के बीच घर की बातें भी होने लगीं। इसी दौरान एक दिन सुखपाल ने अपनी पत्नी से रिश्ते खराब होने की बात कही। कुछ दिन बाद रिश्ते बहुत खराब बताकर उसके आगे शादी का प्रस्ताव रखा।
पत्नी के रहते रिलेशन से इनकार करने पर हुआ विवाद
कुछ दिन सोचने के बाद उसने हां कही। लेकिन इसके कुछ दिन बाद में सुखपाल ने अपनी पत्नी और पीड़िता दोनों को साथ रखने की शर्त रखी। इसपर पीड़िता ने साफ मना कर दिया और उससे दूरी बना ली। इसके बावजूद आरोपी लगातार शादी के लिए दबाव बना रहा था। जिससे वह इनकार कर रही थी और उससे बचने का प्रयास कर रही थी।
पार्किंग में खड़ी थार पर फेंका तेजाब, CCTV में कैद हुए आरोपी
पीड़िता के अनुसार, 13 जुलाई की रात वह अंबाला स्थित अपने गांव से लौटकर अपनी आई-20 और महिंद्रा थार गाड़ी सोसायटी की पार्किंग में खड़ी कर घर चली गई थी। अगले दिन जब वह जिम जाने के लिए नीचे पहुंची, तो उसने देखा कि उसकी थार गाड़ी का पिछला शीशा टूटा हुआ था। गाड़ी के अंदर तेजाब की दो बोतलें पड़ी थीं।
तेजाब छिड़कने के कारण थार गाड़ी अंदर और बाहर से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। जब सोसायटी के CCTV फुटेज खंगाले गए, तो 13 जुलाई की रात 8 से 10 बजे के बीच आरोपी सुखपाल का ड्राइवर अर्श, कर्मचारी जस्सी और गनमैन फौजी सोसायटी के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते दिखाई दिए।
‘पुलिस में शिकायत मत करो, नई गाड़ी दिला दूंगा’
पीड़िता ने आरोप लगाया कि वारदात के बाद मुख्य आरोपी सुखपाल सिंह खीपल ने उस पर पुलिस में शिकायत न करने का दबाव बनाया। उसने गाड़ी को कहीं बाहर ठीक कराने या नई गाड़ी दिलाने का लालच भी दिया। पीड़िता का यह भी कहना है कि इस पूरी साजिश में सुखपाल की पत्नी की भूमिका भी संदिग्ध है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश और जांच शुरू कर दी है।

