चंडीगढ़ बसों में अब QR कोड स्कैन से मिलेंगे टिकट: 438 बसों में लागू होगी UPI पेमेंट सुविधा, ट्राइसिटी के यात्रियों को सुविधा – Chandigarh News
चंडीगढ़ में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को डिजिटल बनाने की दिशा में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। अब चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (CTU) की बसों में सफर करने वाले यात्रियों को टिकट खरीदने के लिए कैश या खुले पैसों की जरूरत नहीं होगी। यात्री मोबाइल से QR कोड स्कैन कर UPI के जरिए टिकट का भुगतान कर सकेंगे। इस सुविधा को ट्राइसिटी रूटों पर चलने वाली CTU की सभी 438 बसों में लागू करने की तैयारी है। फिलहाल कुछ चुनिंदा रूटों पर इसका ट्रायल चल रहा है। तकनीकी खामियों को दूर करने के बाद यह सुविधा सभी बसों में शुरू कर दी जाएगी। डीजल के साथ इलेक्ट्रिक बसों में भी सुविधा UPI पेमेंट की सुविधा सिर्फ सामान्य डीजल बसों तक सीमित नहीं रहेगी। ट्रायल पूरा होने के बाद शहर में चलने वाली इलेक्ट्रिक बसों में भी यात्री QR कोड स्कैन कर टिकट का भुगतान कर सकेंगे। यात्री अपने मोबाइल से UPI ऐप के जरिए सीधे भुगतान कर सकेंगे। इससे बस में टिकट खरीदने की प्रक्रिया आसान और तेज हो जाएगी। इन रूटों पर मिलेगा फायदा CTU की बसें चंडीगढ़ के अलावा मोहाली, पंचकूला और आसपास के इलाकों तक चलती हैं। इनमें सेक्टर-17 और सेक्टर-43 ISBT से चलने वाली बसें शामिल हैं। ये बसें PGI, पंजाब यूनिवर्सिटी, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और शहर के प्रमुख बाजारों को जोड़ती हैं। इसके अलावा मोहाली, खरड़, जीरकपुर, पंचकूला, मनसा देवी और चंडीमंदिर के रूटों पर भी यह सुविधा मिलेगी। मलोया, धनास, मौलीजागरां, मनीमाजरा और कुराली जाने वाले यात्रियों को भी इसका फायदा होगा। खुले पैसों की समस्या होगी खत्म बसों में अक्सर 5, 10 या 15 रुपए के टिकट के लिए यात्रियों और कंडक्टरों को खुले पैसे की समस्या का सामना करना पड़ता है। कई बार छुट्टे पैसे नहीं होने के कारण टिकट देने में भी देरी होती है। QR कोड से भुगतान शुरू होने के बाद यह परेशानी काफी हद तक खत्म हो जाएगी। यात्री जितने रुपए का टिकट होगा, उतनी ही राशि सीधे डिजिटल माध्यम से जमा कर सकेंगे। कैश लेन-देन में लगने वाला समय भी बचेगा कैश लेने और बाकी पैसे लौटाने में लगने वाला समय बचेगा। इससे टिकट जारी करने की प्रक्रिया तेज होगी और बसों को स्टॉप पर ज्यादा देर तक खड़ा नहीं रहना पड़ेगा। इसके अलावा यात्रियों को ज्यादा कैश लेकर चलने की जरूरत भी नहीं होगी। मोबाइल से सीधे भुगतान करने से सफर अधिक सुविधाजनक हो जाएगा। कैश और कार्ड से टिकट खरीदने का विकल्प रहेगा प्रशासन ने साफ किया है कि UPI पेमेंट शुरू होने के बाद कैश और स्मार्ट कार्ड से टिकट खरीदने की सुविधा बंद नहीं की जाएगी। जो यात्री डिजिटल भुगतान नहीं कर सकते, वे पहले की तरह नकद देकर टिकट खरीद सकेंगे। प्रशासन का लक्ष्य धीरे-धीरे अधिक से अधिक यात्रियों को डिजिटल भुगतान से जोड़ना है। CTU बसों में QR कोड से टिकट भुगतान की सुविधा शुरू होने के बाद चंडीगढ़ की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को डिजिटल बनाने की दिशा में यह एक अहम कदम माना जा रहा है।
Source link

