मानसा में कूड़ा उठाने पहुंचा प्रशासन का विरोध: सफाईकर्मियों की हड़ताल से लगे गंदगी के ढेर, बारिश के चलते अधिकारियों ने उठाया कदम – Mansa News
मानसा शहर में उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब प्रशासन ने कई दिनों से जमा कूड़े के ढेरों को हटाने का प्रयास किया। अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चल रहे सफाई कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर इसका कड़ा विरोध किया और प्रशासन को कूड़ा उठाने से रोक दिया। यूनियन नेताओं ने साफ कर दिया है कि जब तक पंजाब सरकार उनकी मांगें पूरी नहीं करती, तब तक शहर से कूड़ा नहीं उठाया जाएगा। पूरे पंजाब में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पिछले कई दिनों से जारी है, जिसके चलते शहर में जगह-जगह कचरे के अंबार लगे हुए हैं। इनसे उठती दुर्गंध के कारण राहगीरों का निकलना दूभर हो गया है। आगामी बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने जलभराव से बचने के लिए आज शहर से कूड़ा उठवाने का प्रयास किया। हालांकि, सफाई कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर इस कोशिश को नाकाम कर दिया। जनहित में अस्पतालों और स्कूलों का कचरा किया एक जगह: यूनियन सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान संजीव रत्ती, बलदेव कुमार और विनोद कुमार ने बताया कि बारिश के खतरे को ध्यान में रखते हुए कर्मचारियों ने मानवीय आधार पर अस्पतालों, स्कूलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों का कूड़ा एक जगह एकत्रित कर दिया है, ताकि जलभराव की स्थिति न बने। कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मुख्य मांग यूनियन नेताओं ने अपनी प्रमुख मांग दोहराते हुए कहा कि कच्चे कर्मचारियों को तुरंत पक्का किया जाए। सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान संजीव रत्ती ने कहा कि सरकार के साथ हमारी कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन अब तक मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। जब तक सरकार हमारी सभी मांगें स्वीकार कर लागू नहीं करती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी और शहर में कूड़े के ढेर ऐसे ही लगे रहेंगे।
Source link

