UCC विधेयक सदन में पेश, चर्चा कल: विधानसभा घेरने निकले OBC महासभा के सदस्य बैरिकेड्स पर चढ़े, पुलिस ने चलाई वाटर कैनन – Bhopal News
मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को ही मध्य प्रदेश सरकार ने विधानसभा में समान नागरिक संहिता विधेयक 2026 पेश कर दिया है। स्पीकर नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि इस पर कल चर्चा कराई जाएगी। इसके बाद आगे की कार्यवाही होगी।
.
उधर, ओबीसी महासभा मध्य प्रदेश के सदस्य 27% आरक्षण लागू कराने और 13% पदों को होल्ड फ्री करने की मांग को लेकर विधानसभा घेरने निकले हैं। पुलिस ने उन्हें रंगमहल चौराहे पर रोक लिया है। प्रदर्शनकारी यहां लगे बैरिकेड्स पर चढ़े तो पुलिस ने वाटर कैनन चला दी।
उज्जैन जमीन खरीदी पर कार्यवाही दो बार स्थगित
विधानसभा में उज्जैन जमीन खरीदी मामले पर चर्चा को लेकर विपक्ष और सत्ता पक्ष के विधायकों का शोर-शराबा जारी रहा। इसके चलते विधानसभा की कार्यवाही दो बार स्थगित की गई।
इससे पहले कांग्रेस विधायक, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना के मुखौटे लगाकर पहुंचे। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और सीएम मोहन यादव फाइल-फाइल खेल रहे हैं। किसानों की किसी को चिंता नहीं है। मध्य प्रदेश में समय पर न खाद मिल रही है, न बीज मिल रहा है।
विधानसभा के भीतर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा- बरगी क्रूज हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। नीट परीक्षार्थी अव्यवस्था के चलते आत्महत्या करने को मजबूर हुए किंतु उनका नाम श्रद्धांजलि सूची में शामिल नहीं किया गया। विधानसभा सचिवालय ने ऐसी गलती क्यों की?
विधानसभा में ये विधेयक पेश
- मध्य प्रदेश समान नागरिक संहिता 2026
- मध्य प्रदेश निरसन विधेयक 2026
- मध्य प्रदेश अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं विधेयक, 2026
- मध्य प्रदेश राजमार्ग (संशोधन) विधेयक 2026
- मध्य प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (स्थापना एवं संचालन) संशोधन विधेयक 2026
- मध्य प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक 2026
- मध्य प्रदेश धन्वंतरि स्वास्थ्य विश्वविद्यालय विधेयक 2026
- मध्य प्रदेश कोड ऑन एम्पावरिंग वर्क स्पेसेज 2026
- मध्य प्रदेश श्रम शक्ति संहिता 2026
- मध्य प्रदेश ईज ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक, 2026
- भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता संशोधन विधेयक 2026
देखिए, तस्वीरें…
कांग्रेस विधायकों ने सीएम मोहन यादव, कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुखौटे पहनकर प्रदर्शन किया।

जौरा से कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय कैलारस में शक्कर कारखाने का प्रश्न तीन बार रिजेक्ट किए जाने के विरोध में धरने पर बैठे।

ओबीसी महासभा ने 27% आरक्षण लागू कराने और 13% पदों को होल्ड फ्री करने की मांग को लेकर विधानसभा घेराव की चेतावनी दी है।
विधानसभा की कार्यवाही के मिनट टु मिनट अपडेट्स के लिए नीचे दिए ब्लॉग से जरूर गुजर जाइए…

