वित्त मंत्री चीमा ने कहा-रंग बदलने में माहिर हैं पीएम’: पंजाब को बकाया नहीं मिला, उम्मीदें नहीं हुईं पूरी, भाजपा कभी नहीं जमा पाएगी में पैर – Sangrur News
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने प्रधानमंत्री के हालिया पंजाब दौरे पर कड़ा रुख अपनाते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता को प्रधानमंत्री के इस दौरे से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन हमेशा की तरह राज्य को निराशा ही हाथ लगी। पंजाब को उसका जायज बकाया नहीं मिला, जिससे राज्य की उम्मीदें अधूरी रह गईं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए चीमा ने दावा किया कि भाजपा पंजाब में कभी पैर नहीं जमा पाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि वे ‘रंग बदलने में माहिर’ हैं। चीमा ने उदाहरण देते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री तमिलनाडु जाते हैं तो अपना रंग काला कर लेते हैं, लेकिन सिर्फ ऐसी ‘पेंटिंग’ और पंजाब में आकर ‘हरी पगड़ी’ पहनने से कुछ नहीं होगा; पंजाबियों को काम करके जीतना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने ‘तीन काले कानून’ लाकर किसानों को भारी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी, जिसे पंजाब के लोग भूले नहीं हैं। चंडीगढ़ और पंजाब के पानी पर है भाजपा की नजर वित्त मंत्री ने केंद्र सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा की नजर हमेशा से पंजाब के पानी और चंडीगढ़ पर रही है। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा की चुनावी राजनीति पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने राम मंदिर को मुद्दा बनाकर चुनाव जीता और अब मंदिर से पैसे और चंदा ‘चुरा’ रही है। उन्होंने याद दिलाया कि भाजपा ने 2014 के अपने चुनावी वादे, जैसे हर साल दो लाख नौकरियां देना और काला धन वापस लाना, आज तक पूरे नहीं किए हैं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब के लोग अगले चुनाव में भाजपा को कड़ा सबक सिखाएंगे। मान सरकार की उपलब्धियां: किसानों को दिन में बिजली और रिकॉर्ड नौकरियां भाजपा की नाकामियों के विपरीत, हरपाल सिंह चीमा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने कहा कि मान सरकार ने सूबे के किसानों के आखिरी खेत तक नहरी पानी पहुंचाया है। इसके साथ ही, पंजाब देश का पहला ऐसा राज्य बना है जहाँ किसानों को खेती के लिए दिन के समय निर्बाध बिजली दी जा रही है। हर हफ्ते बांटे जा रहे नियुक्ति पत्र, भर्ती प्रक्रिया जारी बेरोजगारी के मुद्दे पर बोलते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि जहाँ केंद्र सरकार नौकरियां देने के अपने वादों से मुकर गई, वहीं पंजाब की भगवंत मान सरकार हर हफ्ते युवाओं को नियुक्ति पत्र बांट रही है। राज्य में पारदर्शी तरीके से भर्ती प्रक्रिया लगातार जारी है और युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर रोजगार दिया जा रहा है।
Source link

