तरनतारन में स्कूली छात्रों ने संभाली SIR की कमान: 100% वोटर रजिस्ट्रेशन घर-घर जगा रहे अलख, प्रक्रिया के बारे में दी जानकारी – tarn-taran News
तरनतारन जिले में ‘SIR 2026’ के तहत विशेष मतदाता सत्यापन अभियान को गति देने के लिए स्कूली छात्रों द्वारा लगातार विभिन्न जागरूकता गतिविधियां चलाई जा रही हैं। इसी कड़ी में छात्रों की टोलियों ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों से अवगत कराया। छात्रों ने आम जनता को मतदाता सत्यापन के महत्व और प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। छात्रों द्वारा चलाए जा रहे इस अनूठे ‘डोर-टू-डोर’ अभियान का स्थानीय लोगों पर बेहद सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। अब जिले के नागरिक अपने मतदाता सत्यापन कार्य को गंभीरता से ले रहे हैं। लोग न सिर्फ जागरूक हो रहे हैं, बल्कि इस अभियान का हिस्सा बनकर अपने वोटों की जांच और सत्यापन प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। रविवार की छुट्टी के दिन भी खुले रहेंगे सभी मतदान केंद्र इस विशेष अभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए डिप्टी डिस्ट्रिक्ट एजुकेशन ऑफिसर (सेकेंडरी)-कम-नोडल ऑफिसर (स्वीप), राजिंदर कौर ने बताया कि मतदाता सत्यापन कार्य की रफ्तार बढ़ाने के लिए ये विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि अभियान को सफल बनाने के लिए रविवार की छुट्टी के दिन भी सभी मतदान केंद्र खुले रहेंगे। मतदाता अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ नजदीकी बूथ पर पहुंचकर अपनी वोट सत्यापित करवा सकते हैं। नई वोट बनवाने का सुनहरा मौका, 100% पंजीकरण का लक्ष्य नोडल ऑफिसर राजिंदर कौर ने जोर देकर कहा कि जिन युवाओं की वोट अभी तक नहीं बनी है, उनके लिए मतदाता पंजीकरण का यह एक सुनहरा अवसर है। वे बूथों पर जाकर नई प्रविष्टियां भी करवा सकते हैं। उन्होंने अपील की कि सभी योग्य मतदाता इस मौके का लाभ उठाएं और जल्द से जल्द अपना काम पूरा करें। प्रशासन का यह जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि जिले में 100 प्रतिशत मतदाता पंजीकरण का लक्ष्य हर हाल में हासिल किया जा सके।
Source link

