PM मोदी का ‘मिशन पंजाब’: 2027 चुनाव का लॉन्च पैड दोआबा, 32% दलित आबादी पर नजर; चंडीगढ़ में ₹ 2 करोड़ के टेंट में रैली – Chandigarh News

PM मोदी का ‘मिशन पंजाब’:  2027 चुनाव का लॉन्च पैड दोआबा, 32% दलित आबादी पर नजर; चंडीगढ़ में ₹ 2 करोड़ के टेंट में रैली – Chandigarh News


चंडीगढ़ में पीएम मोदी के लिए लगा 2 करोड़ का वाटरप्रूफ AC टेंट, जालंधर में पीएम के कटआउट लगाए गए हैं। वह जालंधर कैंट स्टेशन के नवीनीकरण का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को 5 महीने बाद फिर पंजाब आ रहे हैं। चंडीगढ़ में PM दोपहर करीब सवा 1 बजे आएंगे। फिर यहां 2 करोड़ रुपए के AC टेंट में रैली करेंगे। वे यहां 45 मिनट रुकेंगे। इसके बाद जालंधर में उनके 4 कार्यक्रम हैं।

.

सरकारी एजेंडे में ये डेवलपमेंट प्रोजेक्टों का उद्घाटन है लेकिन यह सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं रहने वाला। इसकी वजह भी है। पहले फरवरी में डेरा सचखंड बल्लां और अब जालंधर में जनसभा, साफ है कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए दलित लैंड दोआबा को लॉन्च पैड बना रही है।

ऐसे समय जब कांग्रेस अंदरूनी खींचतान से जूझ रही है, आम आदमी पार्टी सरकार विपक्ष के निशाने पर है और भाजपा 2027 विधानसभा चुनाव बिसात बिछाने में जुटी है, प्रधानमंत्री का यह दौरा कई राजनीतिक संकेत देता है।

यह फोटो 1 फरवरी 2026 की है, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी डेरा सचखंड बल्लां के मुखी संत निरंजन सिंह के पैर छुए थे। यह पहला मौका था जब 75 साल के इतिहास में कोई प्रधानमंत्री डेरा सचखंड बल्लां आया हो।- फाइल फोटो

PM अभी पंजाब क्यों आ रहे हैं? प्रधानमंत्री का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब चुनाव में 7 महीने का टाइम बचा है। कांग्रेस हाईकमान अभी तक नेतृत्व और संगठन को लेकर कुछ क्लियर नहीं कर पा रहा है। पूर्व CM चरणजीत चन्नी और प्रदेश प्रधान राजा वड़िंग का गुट आमने-सामने है। दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी सरकार कानून-व्यवस्था, नशे, उद्योगों के पलायन और वित्तीय स्थिति जैसे मुद्दों पर विपक्ष के निशाने पर है। PM मोदी और भाजपा इसी राजनीतिक माहौल को अवसर के रूप में देख रही है।

PM के दौरे के 3 बड़े राजनीतिक संदेश

  • ‘डबल इंजन’ का नैरेटिव मजबूत करने की कोशिश: चंडीगढ़ और पंजाब में प्रधानमंत्री जिन प्रोजेक्टों का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे, वे केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं हैं। भाजपा इन्हें यह संदेश देने के लिए भी इस्तेमाल करेगी कि राज्य में उसकी सरकार नहीं होने के बावजूद केंद्र लगातार निवेश कर रहा है। पार्टी लंबे समय से ‘डबल इंजन सरकार’ के मॉडल को चुनावी मुद्दा बनाती रही है।
  • दोआबा के दलित वोट बैंक पर सीधा फोकस: अगर इस पूरे दौरे का सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक संकेत तलाशा जाए तो वह जालंधर है। दोआबा पंजाब का वह इलाका है जहां राज्य की सबसे बड़ी दलित आबादी रहती है। जालंधर, होशियारपुर, कपूरथला और नवांशहर लंबे समय से हर राजनीतिक दल के लिए निर्णायक क्षेत्र रहे हैं। भाजपा पिछले कुछ वर्षों से यहां लगातार सक्रिय है। प्रधानमंत्री का जालंधर आना, रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करना और श्री संत रविदास एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाना केवल विकास कार्यक्रम नहीं माना जा रहा। राजनीतिक जानकार इसे रविदासिया समाज और दलित मतदाताओं तक विशेष संदेश पहुंचाने की रणनीति के रूप में भी देख रहे हैं।
  • 2027 से पहले भाजपा खुद को सत्ता का दावेदार बताएगी: पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा 117 में से 2 ही सीटें जीत पाई थी। यही वजह है कि BJP ने रणनीति बदलते हुए अब फोकस इस पर शिफ्ट किया कि वह पंजाब की राजनीति में केवल सहयोगी दल नहीं, बल्कि सत्ता की दावेदार के रूप में खुद को तैयार कर रही है। इसलिए इस दौरे का वास्तविक असर प्रधानमंत्री के भाषण और उसके बाद भाजपा की राजनीतिक गतिविधियों से तय होगा।

जानिए, PM बैक टू बैक जालंधर ही क्यों? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पंजाब दौरे के लिए जालंधर को चुना है। पहली नजर में यह अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन के उद्घाटन का कार्यक्रम लगता है, लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इसके पीछे चुनावी गणित भी है।

जालंधर केवल एक शहर नहीं, बल्कि 23 सीटों वाले दोआबा की राजनीति का केंद्र है। जालंधर, होशियारपुर, कपूरथला और शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर) वाला यह इलाका लंबे समय से पंजाब की चुनावी दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाता रहा है।

राज्य की करीब 32 प्रतिशत अनुसूचित जाति आबादी में बड़ा हिस्सा इसी क्षेत्र में रहता है। कई विधानसभा सीटों पर दलित मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं। यही कारण है कि कांग्रेस, अकाली दल, आम आदमी पार्टी और अब भाजपा- सभी की नजर दोआबा पर रहती है।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि भाजपा यह संदेश देना चाहती है कि वह सिर्फ शहरी या पारंपरिक वोट बैंक तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि पंजाब के नए सामाजिक समीकरणों में अपनी जगह बना रही है।

श्री संत रविदास एक्सप्रेस… सिर्फ ट्रेन नहीं, चुनावी संकेत भी प्रधानमंत्री जालंधर से अमृतसर (छेहर्टा) से वाराणसी जाने वाली नई श्री संत रविदास एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। सरकारी तौर पर इसका उद्देश्य धार्मिक और यात्री सुविधा बढ़ाना है, लेकिन राजनीतिक रूप से इसका महत्व भी कम नहीं माना जा रहा।

वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है, जबकि संत रविदास का दोआबा और रविदासिया समाज में विशेष सम्मान है। ऐसे में यह पहल भाजपा के लिए सांस्कृतिक और राजनीतिक, दोनों स्तरों पर संदेश देने का माध्यम बन सकती है।

भाजपा को क्या राजनीतिक फायदा मिलने की उम्मीद? राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा इस दौरे से तीन स्तर पर लाभ लेने की कोशिश करेगी।

  • पहला: विकास परियोजनाओं के जरिए यह बताना कि केंद्र सरकार पंजाब के इंफ्रास्ट्रक्चर पर लगातार निवेश कर रही है।
  • दूसरा: दोआबा के दलित समाज और रविदासिया समुदाय के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ाना।
  • तीसरा: कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान और आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ माहौल का राजनीतिक लाभ उठाना।

(हालांकि राजनीतिक जानकार यह भी मानते हैं कि सिर्फ प्रधानमंत्री का दौरा चुनावी सफलता की गारंटी नहीं हो सकता। भाजपा को इसका लाभ तभी मिलेगा जब संगठन गांव और बूथ स्तर तक इसे राजनीतिक समर्थन में बदल पाएगा।)

एक्सपर्ट क्या कहते हैं?

– राजनीतिक विश्लेषक प्रो. डॉ. कृष्ण कुमार रत्तू का कहना है कि छह महीने में प्रधानमंत्री का दूसरा पंजाब दौरा इस बात का संकेत है कि भाजपा अब पंजाब को गंभीरता से ले रही है। उनके मुताबिक पार्टी विकास, डेरा संपर्क और दलित वोट बैंक के सहारे अपना सामाजिक आधार बढ़ाने की कोशिश कर रही है।

– राजनीतिक विश्लेषक एडवोकेट नईम खान मानते हैं कि जालंधर का चयन सोची-समझी रणनीति है। उनका कहना है कि अगर प्रधानमंत्री उद्योग, व्यापार, किसानों, निवेश या रोजगार से जुड़ी कोई बड़ी घोषणा करते हैं तो उसका राजनीतिक असर सिर्फ दोआबा ही नहीं, पूरे पंजाब में दिखाई दे सकता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *