गर्मी में रात भर बेहाल रहे लोग, कहीं तार बदलने, तो कहीं हादसे से गुल रही बत्ती – Jalandhar News
भास्कर न्यूज | जालंधर सिटी के विभिन्न इलाकों में बिजली की भारी किल्लत के कारण लोगों को इस भीषण गर्मी में बेहद परेशान होना पड़ रहा है। गुलमोहर सिटी और संसारपुर इलाकों में लंबे पावर कट ने लोगों की रात की नींद उड़ा दी, जिससे बुजुर्ग और बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। गुलमोहर सिटी में सोमवार रात करीब 12:10 बजे अचानक बिजली गुल हो गई। गुस्साए लोगों का आरोप है कि शिकायत के लिए बिजली दफ्तर फोन करने पर किसी ने फोन तक नहीं उठाया। भीषण गर्मी में लोग रात भर तड़पते रहे। मंगलवार सुबह 8:45 बजे बिजली आई भी, तो 10 बजे से पहले ही नई तारें डालने के काम के चलते सप्लाई फिर बंद कर दी गई। यह बिजली देर शाम रात 8 बजे जाकर बहाल हो सकी। दूसरी ओर, संसारपुर में केनरा बैंक के पास एक ओवरलोड ट्रक ने बिजली का पोल गिरा दिया। इस हादसे के कारण सोमवार रात 10 बजे से ही करीब 100 घरों की बत्ती गुल हो गई और लोगों को अंधेरे में रात काटनी पड़ी। मंगलवार सुबह जब लोगों ने पावरकॉम के अधिकारियों से शिकायत की, तब जाकर शाम साढ़े सात बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। बिजली विभाग की इस लचर व्यवस्था से लोगों में भारी रोष है।
Source link

