अबोहर में लहुलुहान कर नकदी-मोबाइल छीना, VIDEO: दर्जनभर युवकों ने घेरकर पीटा-ईंटें मारी, पहले शादी समारोह में हुआ था विवाद – Abohar News
फाजिल्का के अबोहर के सरकुलर रोड पर सोमवार देर शाम पुरानी रंजिश के चलते एक 19 वर्षीय युवक पर करीब दर्जनभर हमलावरों ने घेरकर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने युवक को लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा और उसके सिर पर ईंट से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश और जांच शुरू कर दी है। बीच बाजार हुई इस गुंडागर्दी के कारण स्थानीय दुकानदारों और निवासियों में दहशत का माहौल है। घायल युवक ने नकदी और मोबाइल लूटने का भी आरोप लगाया है। थाना पुलिस का कहना है कि पीड़ित के बयानों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की शिनाख्त की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। दो माह पहले हुआ था शादी समारोह के दौरा विवाद अस्पताल में उपचाराधीन इंद्रा नगरी निवासी पीड़ित विवेक (पुत्र सुभाष) ने बताया कि करीब दो महीने पहले एक शादी समारोह के दौरान मोहल्ले के ही एक युवक के साथ उसका विवाद हुआ था। हालांकि, उस समय दोनों पक्षों के बीच पंचायत के माध्यम से आपसी समझौता भी हो गया था, लेकिन आरोपी पक्ष मन में रंजिश पाले बैठा था। रेहड़ी पर बर्गर लेते वक्त किया हमला पीड़ित विवेक के अनुसार, सोमवार रात को वह बाजार नंबर-4 से अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस घर लौट रहा था। हकीकत राय चौक से थोड़ा आगे निकलने पर वह एक फास्ट फूड की रेहड़ी पर बर्गर लेने के लिए रुका। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपी ने अपने करीब एक दर्जन साथियों के साथ उसे चारों तरफ से घेर लिया और बिना कुछ कहे मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने विवेक को नीचे गिराकर सिर पर ईंट दे मारी, जिससे वह लहूलुहान होकर अचेत हो गया। लूटपाट का भी आरोप, अस्पताल में भर्ती विवेक ने बताया कि मारपीट के दौरान आरोपी उसके पास रखे 5 हजार रुपये की नकदी और करीब 25 हजार रुपये की कीमत का मोबाइल फोन भी छीनकर फरार हो गए। चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के लोग और दुकानदार वहां इकट्ठा हुए, तब तक आरोपी मौके से भाग निकले थे। घटना की सूचना मिलने के बाद घायल के दोस्त तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे लहूलुहान हालत में अबोहर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
Source link

