बीकानेर में गैंगस्टर रोहित गोदारा के मकान पर बुलडोजर चलाया: फिरौती केस में जेल में हैं घरवाले; एसपी बोले- किसने गिराया पता नहीं – Bikaner News
बीकानेर के लूणकरणसर क्षेत्र में गैंगस्टर रोहित गोदारा का दो मंजिला मकान सोमवार देर रात जेसीबी से ढहा दिया गया। मकान का अधिकांश हिस्सा, दीवारें, दरवाजे और खिड़कियां तक तोड़ दी गईं।
.
हालांकि यह कार्रवाई किसने की, इसे लेकर अब भी सस्पेंस बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है। प्रशासनिक अधिकारी भी इस मामले पर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
सिलसिलेवार पढ़िए… पूरा घटनाक्रम
1. जेसीबी से तोड़ा गया मकान, कई हिस्से पूरी तरह ध्वस्त लूणकरणसर के कपूरीसर में रोहित गोदारा का मकान है। वहीं लूणकरणसर कस्बे से करीब 16 किलोमीटर दूर तेजाणा ढाणी में दो मंजिला मकान भी है। इस मकान में लंबे समय से कोई नहीं रहता। देर रात इस दो मंजिला मकान का अधिकांश हिस्सा जेसीबी से तोड़ा गया। पीछे का हिस्सा पूरी तरह ढहा दिया गया, दीवारें तोड़ दी गईं और आगे बने मुख्य हिस्से को भी नुकसान पहुंचाया गया। मकान के दरवाजे और खिड़कियां तक तोड़ दी गईं। सोमवार सुबह जानकारी मिलते ही मौके पर भीड़ जुट गई।
2. परिवार पहले से जेल में 4 मई को रतनगढ़ (चूरू) पार्षद को फिरौती के लिए धमकी मिली थी। इस मामले में रोहित गोदारा के पिता संत दास (70) और मां गीता (67) को रतनगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वे फिलहाल जेल में हैं। दावा किया जा रहा है कि लूणकरणसर पुलिस को भी सुबह ही मकान गिराए जाने की जानकारी मिली।
3. पुलिस बोली- शिकायत मिलेगी तो करेंगे कार्रवाई बीकानेर एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया- अब तक मकान गिराए जाने को लेकर किसी ने कोई शिकायत नहीं दी है। यदि शिकायत मिलती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस मामले में लूणकरणसर एसडीएम से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
4. सबसे बड़ा सवाल- अगर प्रशासन नहीं, तो मकान किसने गिराया? घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि यदि प्रशासन या पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई नहीं हुई, तो आखिर मकान किसने ढहाया। अब तक किसी प्रतिद्वंद्वी या अन्य व्यक्ति ने भी इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है। ग्रामीण भी इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं, जिससे पूरे घटनाक्रम पर रहस्य बना हुआ है।
FBI की चार्जशीट में लॉरेंस, रोहित समेत कई नाम
उधर, कनाडा में खालिस्तानी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर अमेरिका में एफबीआई ने पिछले हफ्ते पहली बार चार्जशीट दाखिल की। इसमें दावा है कि हत्या का आदेश भारतीय जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई और फरार चल रहे गोल्डी बराड़ ने दिया था। चार्जशीट में लॉरेंस, गोल्डी, रोहित गोदारा सहित कई गैंगस्टर का नाम है।
दरअसल, अमेरिका लॉरेंस समेत कई भारतीय अपराधियों के नेटवर्क पर कार्रवाई करने के लिए ऑपरेशन हार्ड बॉल चला रहा है। इसी के तहत 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया और 37 लोगों के खिलाफ अमेरिकी फेडरल कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की गई।


वीडियो : लोकेश बोहरा, लूणकरनसर
—
गैंगस्टर से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें …
बिजनेसमैन बोला था-फिरौती के नाम पर 100 रुपए नहीं दूंगा’:इसलिए की हत्या, रोहित गोदारा गैंग ने ली जिम्मेदारी, लिखा-हम किसी को नहीं भूलते

राजस्थान के कुचामन में बिजनेसमैन की हत्या की जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग ने ली है। हत्या के कुछ देर बाद रोहित गोदारा के गुर्गे वीरेंद्र चारण सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। पूरी खबर पढ़िए
व्यापारी से 5 करोड़ की फिरौती मांगी,ऑफिस उड़ाने की धमकी:गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग के नाम से फोन आया, कहा- पूरे परिवार को खत्म कर देंगे

व्यापारी से रोहित गोदारा गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपए की रंगदारी (फिरौती) मांगी गई है। धमकी के बाद से व्यापारी और उसका पूरा परिवार सहमा हुआ है। पूरी खबर पढ़िए

