खालसा कुलचे वालों ने शुरू किया अमृतसरी कुलचा-इंस्टीट्यूट: अमृतसर में पहला संस्थान, जहां मिलेगी प्रोफेशनल ट्रेनिंग, पारंपरिक स्वाद रहेगा सुरक्षित – Amritsar News
अमृतसर का नाम आते ही सबसे पहले जिस खाने की याद आती है, वह है अमृतसरी कुलचा। अपने अनोखे स्वाद, पारंपरिक तरीके और खास पहचान के कारण यह सिर्फ एक डिश नहीं, बल्कि शहर की खान-पान संस्कृति का अहम हिस्सा बन चुका है। अब इसी विरासत को सुरक्षित रखने के लिए अमृतसर में दुनिया का पहला अमृतसर स्टफ्ड कुलचा इंस्टीट्यूट शुरू किया जा रहा है। इस अनोखी पहल की शुरुआत खालसा कुलचे वाले के शेफ और संचालक अमन खालसा ने आज से की । उनका कहना है कि मेरा उद्देश्य अमृतसरी कुलचे के असली स्वाद और पारंपरिक तकनीक को संरक्षित करना है, ताकि देश-विदेश में इसके नाम पर परोसे जा रहे नकली या बदले हुए स्वाद से इसकी पहचान प्रभावित न हो। युवाओं को मिलेगी प्रोफेशनल कुलचा ट्रेनिंग अमन खालसा का कहना है कि आज बाजार में अच्छे और प्रशिक्षित कुलचा कारीगरों की कमी है। यही वजह है कि 18 से 35 वर्ष के युवक-युवतियों के लिए 3 से 6 महीने का प्रोफेशनल ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू किया जा रहा है। प्रशिक्षण के पहले चरण में ग्रोसरी, डेयरी उत्पाद, हाइजीन और किचन मैनेजमेंट की बुनियादी जानकारी दी जाएगी। इसके बाद प्रतिभागियों को प्रैक्टिकल तरीके से पारंपरिक अमृतसरी कुलचा बनाने की पूरी ट्रेनिंग दी जाएगी। ‘सीक्रेट वॉटर फॉर्मूला’ बनेगा खास आकर्षण इस इंस्टीट्यूट की सबसे खास बात होगी ‘सीक्रेट वॉटर फॉर्मूला’। अमन खालसा के अनुसार, यह उनके परिवार की वर्षों पुरानी तकनीक है, जिसकी मदद से किसी भी स्थान के पानी में ऐसा संतुलन बनाया जा सकता है, जिससे कुलचे का स्वाद अमृतसर जैसा बरकरार रहे। करीब 30 वर्षों के अनुभव वाले अमन खालसा का दावा है कि उनके कुलचे बिना किसी केमिकल के तीन दिनों तक कुरकुरे बने रहते हैं और उनकी सप्लाई 40 देशों तक होती है।
Source link

