संगरूर में ट्रक से 16 किलो चूरा पोस्त बरामद: ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार; पुलिस को देख की भागने की कोशिश – Sangrur News
संगरूर जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक ट्रक से 16 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, सहायक थानेदार रघबीर सिंह अपनी टीम के साथ नरवाना रोड, खनौरी में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के लिए गश्त कर रहे थे। इसी दौरान नरवाना की ओर से एक ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस ने टॉर्च की मदद से ट्रक को रुकने का इशारा किया। आरोपी ने की भागने की कोशिश ट्रक चालक ने वाहन रोक दिया, लेकिन वह घबराकर मौके से भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस कर्मियों ने तुरंत उसे काबू कर लिया। पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान हरजिंदर सिंह निवासी पातड़ा, जिला पटियाला के रूप में बताई। ट्रक की कंडक्टर सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम सुखविंदर सिंह उर्फ सुख्खा निवासी वार्ड नंबर-2, पातड़ा, जिला पटियाला बताया। इसके बाद पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान चालक की सीट के पीछे कंबल के नीचे रखे एक प्लास्टिक के थैले से 16 किलोग्राम भुक्की चूरा पोस्त बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Source link

