साढ़े 5 घंटे लेट पहुंची दिल्ली जालंधर इंटरसिटी एक्सप्रेस – Jalandhar News
भास्कर न्यूज | जालंधर दिल्ली से जालंधर आने वाले रेल यात्रियों के लिए रविवार और सोमवार की रात किसी बुरे सपने से कम नहीं रही। दिल्ली से चलकर सहारनपुर और अंबाला के रास्ते जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस अपने तय समय से करीब साढ़े पांच घंटे की देरी से पहुंची। यह ट्रेन आमतौर पर हर रोज रात 11 बजे तक जालंधर सिटी स्टेशन पहुंच जाती है, लेकिन रविवार को दिल्ली से चली यह ट्रेन सोमवार सुबह साढ़े 4 बजे जालंधर स्टेशन पर आकर रुकी। पहले से ही उत्तर भारत में पारा 43 डिग्री को पार कर रहा है, और ऐसे में इतनी लंबी देरी ने यात्रियों का हाल बेहाल कर दिया। ट्रेन में सफर कर रहे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की स्थिति सबसे ज्यादा दयनीय कई घंटों तक स्टेशन और ट्रेन के भीतर उमस व भीषण गर्मी से जूझते हुए यात्रियों का धैर्य जवाब दे गया। पानी की कमी और रात भर की जागृति के कारण लोग पूरी तरह निढाल दिखे। जालंधर स्टेशन पर इंतजार कर रहे परिजनों में भी रेलवे की इस सुस्त रफ्तार और लचर व्यवस्था को लेकर भारी गुस्सा देखा गया। इस तपती गर्मी में सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह देरी किसी प्रताड़ना से कम नहीं थी।
Source link

