मोगा में टिप्पर ने कार को मारी टक्कर: गर्भवती महिला व पति घायल, पीछे आ रहे वाहनों के देखे बिना लेन बदलने से हुआ हदसा – Moga News
मोगा के मैहना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आते गांव डाला के पास एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार टिप्पर ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार में सवार एक गर्भवती महिला और उसके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। पुलिस को दिए बयान में पीड़ित संदीप सिंह ने बताया कि वह 28 जून को अपने गांव गाजेयाना से अपनी गर्भवती पत्नी रेखा रानी को डॉक्टरी जांच (चेकअप) के लिए मोगा ले जा रहे थे। जब वे डाला गांव से थोड़ा पीछे एक पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तो उनके आगे चल रहे एक कंक्रीट से भरे टिप्पर के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनकी कार को टक्कर मार दी। अचानक बदली लेन बदलने से हुआ हादसा पीड़ित के अनुसार, टिप्पर ‘कृष्णा कंसल्टेंसी कंपनी’ के डंप से निकलकर मुख्य जी.टी. रोड (नेशनल हाईवे) पर आया था। टिप्पर चालक ने पीछे आ रहे वाहनों को देखे बिना ही अचानक अपनी लेन बदल दी, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। उत्तर प्रदेश के टिप्पर चालक पर केस दर्ज, आरोपी फरार हादसे की सूचना मिलने के बाद मैहना थाने की पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कंक्रीट से भरे टिप्पर को कब्जे में ले लिया है। टिप्पर चालक की पहचान घनश्याम कुमार मिश्रा, निवासी टीकरी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच अधिकारी सहायक थानेदार सुखपाल सिंह ने बताया कि “संदीप सिंह के बयानों के आधार पर आरोपी टिप्पर चालक के खिलाफ मैहना थाने में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।”
Source link

