अमृतसर में मामूली कहासुनी के बाद हाई वोल्टेज ड्रामा: Video, खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले पर रॉड से हमला करने का आरोप – Amritsar News
अमृतसर के लॉरेंस रोड स्थित नॉवेल्टी चौक पर आज रविवार को मामूली कहासुनी के बाद हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले एक व्यक्ति पर पिता-पुत्र के साथ मारपीट करने और लोहे की रॉड से हमला करने के आरोप लगे हैं। घटना में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि उसके पिता की टांग टूटने का आरोप है। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित सतनाम सिंह ने बताया कि वह अपने पिता मनजीत सिंह के साथ गांव जगदेव कलां से अमृतसर आए थे। नॉवेल्टी चौक के पास एक मोटरसाइकिल सवार से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि पहले मोटरसाइकिल सवार ने गाली-गलौज की और कुछ देर बाद अपने एक साथी को मौके पर बुला लिया। इसके बाद दोनों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में सतनाम सिंह के सिर पर गंभीर चोट लगी, जबकि बीच-बचाव कर रहे उनके पिता मनजीत सिंह की टांग टूट गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सतनाम सिंह ने आरोप लगाया कि उन पर बिना वजह हमला किया गया। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले व्यक्ति ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि पिता-पुत्र ने पहले उसे और उसके परिवार को गालियां दी थीं, जिसके बाद विवाद बढ़ा। उसकी मोटरसाइकिल पर पुलिस का स्टिकर भी लगा हुआ था, जिससे मामला और चर्चा में आ गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी नरेंद्र सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच सिविल लाइन थाना पुलिस कर रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

