अबोहर में किसान की कस्सी में गिरने से मौत: घर के सामने ही हुआ हादसा, जबतक नजर पड़ी देर हो चुकी थी, दौरा पड़ने की आशंका – Abohar News

अबोहर में किसान की कस्सी में गिरने से मौत:  घर के सामने ही हुआ हादसा, जबतक नजर पड़ी देर हो चुकी थी, दौरा पड़ने की आशंका – Abohar News




फाजिल्का के अबोहर उपमंडल के गांव सुखचैन में शनिवार दोपहर एक बेहद हृदयविदारक हादसा सामने आया है। यहाँ अपने घर के बाहर से गुजर रही कस्सी (छोटी नहर) में गिरने से एक 36 वर्षीय किसान की मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि अचानक मिर्गी का दौरा पड़ने के कारण वह असंतुलित होकर पानी में गिर गया और डूबने से उसकी जान चली गई। मृतक की पहचान प्रेम कुमार (36) पुत्र इमीलाल के रूप में हुई है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, प्रेम कुमार अविवाहित था और अपने भाइयों व बहनों के भरे-पूरे परिवार में रहकर खेतीबाड़ी का काम संभालता था। परिजनों ने बताया कि वह पिछले कई सालों से दौरे (मिर्गी) की बीमारी से पीड़ित था। शनिवार सुबह वह हमेशा की तरह घर से बाहर निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। जब परिवार वाले उसकी तलाश कर रहे थे, तभी ग्रामीणों को गांव से गुजर रही कस्सी में एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस और समाजसेवी संस्था घटना की सूचना तुरंत क्षेत्र की जानी-मानी समाजसेवी संस्था ‘नर सेवा नारायण सेवा समिति’ को दी गई। समिति के सदस्य सोनू ग्रोवर ने बताया कि खबर मिलते ही उनकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और इस संबंध में सीतो चौकी पुलिस को सूचित किया। सूचना पाकर एएसआई लखविंदर सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस और समिति के सदस्यों ने संयुक्त रूप से प्रयास कर शव को पानी से बाहर निकाला, जिसकी शिनाख्त प्रेम कुमार के रूप में हुई। अचानक दौरा पड़ने से बिगड़ा संतुलन हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि जिस कस्सी में प्रेम कुमार गिरा, वह उनके घर के बिल्कुल बाहर से ही गुजरती है। संभवतः अचानक तेज दौरा पड़ने के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाया और सीधे पानी में जा गिरा। जब तक किसी की नजर उस पर पड़ती, तब तक काफी देर हो चुकी थी। गांव में शोक की लहर, पुलिस जांच में जुटी प्रेम कुमार की इस तरह अचानक हुई मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में भी शोक की लहर है। बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंचे। सीतो चौकी पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अबोहर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला पूरी तरह एक हादसा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *