अबोहर में युवक की हत्या में तीन गिरफ्तार: मामूली विवाद के बाद तेजधार हथियारों से किया था हमला, मुख्य आरोपी की तलाश में दबिश – Abohar News

अबोहर में युवक की हत्या में तीन गिरफ्तार:  मामूली विवाद के बाद तेजधार हथियारों से किया था हमला, मुख्य आरोपी की तलाश में दबिश – Abohar News




अबोहर के पंजपीर नगर में मामूली विवाद के चलते तेजधार हथियारों से किए गए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल हुए युवक इकबाल सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। बठिंडा स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद थाना सिटी-1 पुलिस ने मामले को हत्या की धाराओं में तब्दील कर मुख्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दिए बयानों में मृतक के भाई कुलवंत सिंह व बहन सुनीता रानी ने बताया कि कुछ दिन पहले इकबाल सिंह का पंजपीर नगर के ही सहजदीप मामूली बात पर विवाद हुआ था। इसी रंजिश में 29 जून की रात को सहजदीप ने अपने साथियों विक्रम उर्फ चितरू, साहिल मोटा, हिमांशु पंडित, निर्मल उर्फ निम्बू, अंकुश और आदित्य उर्फ राज के साथ मिलकर इकबाल सिंह को घेर लिया। आरोपियों ने कथित तौर पर तेजधार हथियारों से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर हालत में इकबाल सिंह को तुरंत अबोहर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एम्स बठिंडा रेफर कर दिया था। बुधवार को अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ते हुए उसने अंतिम सांस ली। मृतक इकबाल सिंह पिछले कुछ समय से अपने ससुराल में रह रहा था और वह अपने पीछे पत्नी व एक पांच वर्षीय बेटे को छोड़ गया है। हत्या का केस दर्ज, तीन आरोपी गिरफ्तार इकबाल सिंह की मौत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी सात नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103, 115(2), 191(3) और 190 के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। थाना सिटी-1 के प्रभारी इंस्पेक्टर मनिंदर सिंह और एएसआई कुलदीप सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीन आरोपियों—विक्रम उर्फ चितरू, हिमांशु पंडित और एक 16 वर्षीय किशोर (आदित्य उर्फ राज) को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए तीनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि वारदात में इस्तेमाल हथियारों और अन्य फरार साथियों के बारे में गहनता से पूछताछ की जा सके। मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस की छापेमारी पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वारदात के मुख्य आरोपी सहजदीप सहित फरार चल रहे अन्य आरोपियों (साहिल मोटा, निर्मल उर्फ निम्बू और अंकुश) की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि बाकी बचे आरोपियों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *