मोगा में नशे में घरवालों से झगड़े में गई जान: भतीजे से हाथपाई में सिर चोट लगने से चाचा की मौत, गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज – Moga News
मोगा जिले के बाघापुराना कस्बे के अंतर्गत आते गांव रोडे में शराब के नशे में हुए एक मामूली पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। भतीजे के साथ हुई हाथापाई के दौरान सिर पर गंभीर चोट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर थाना समालसर पुलिस ने मौके पर पहुंची। उसने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक मेहरजीत सिंह निवासी गांव रोडे शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे की हालत में अपने भतीजे लवप्रीत सिंह के साथ गाली-गलौज करता था। मृतक की बहन के बयानों के आधार पर आरोपी भतीजे के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। उपचाल के दौरान मौत पुलिस को दिए बयान में मेहरजीत सिंह की बहन जसप्रीत कौर निवासी दियाल मिर्जेका, बठिंडा ने बताया कि उन्हें 9 जुलाई की सुबह सूचना मिली थी कि उनके भाई मेहरजीत सिंह की उनके ही भतीजे लवप्रीत सिंह उर्फ लवी के साथ किसी बात को लेकर हाथापाई हो गई है, जिसमें मेहरजीत सिंह को गंभीर चोटें आई हैं। परिवार के सदस्य इलाज के लिए सिविल अस्पताल मोगा ले गए, लेकिन वहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शराब के नशे में गाली-गलौज से शुरू हुआ था विवाद शिकायतकर्ता जसप्रीत कौर के अनुसार, उनका भाई मेहरजीत सिंह शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे की हालत में अपने भतीजे लवप्रीत सिंह के साथ गाली-गलौज और झगड़ा करता रहता था। 8 जुलाई की शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच भी मेहरजीत सिंह शराब के नशे में धुत्त था और इसी दौरान दोनों के बीच तीखी कहासुनी के बाद हाथापाई शुरू हो गई। इसी धक्का-मुक्की और हाथापाई के दौरान आरोपी लवप्रीत सिंह के हाथ में मौजूद लोहे की रॉड पर लगी पट्टी अचानक मेहरजीत सिंह के सिर में जा लगी। सिर पर गहरा घाव होने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण आखिरकार इलाज के दौरान उनकी जान चली गई। गैर-इरादतन हत्या (BNS 105) का मामला दर्ज, वीडियोग्राफी कराई घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना समालसर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाने के लिए पूरे मौके की वीडियोग्राफी भी करवाई। पुलिस ने मृतक की बहन जसप्रीत कौर की शिकायत पर आरोपी भतीजे लवप्रीत सिंह उर्फ लवी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
Source link

