कपूरथला के अनाज मंडी में युवक पर फायरिंग: घायल अवस्था में सिविल अस्पताल रेफर, चौकी से 100 मीटर दूर चलीं 5 गोलियां – Kapurthala News
कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी स्थित अनाज मंडी में देर रात अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर गोली चला दी। आढ़ती की फड़ पर हुई इस फायरिंग में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। चौकी इंचार्ज जसजीत सिंह ने बताया कि घटनास्थल से तीन खाली खोल बरामद हुए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घायल युवक की पहचान 23 वर्षीय सनी पुत्र सुभाष के रूप में हुई है, जो सिरसा (हरियाणा) के मौजू खेड़ा का निवासी है। यह घटना डल्ला पुलिस चौकी से मात्र 100 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। हमलावरों ने 4 से 5 बार की फायरिंग चश्मदीदों के अनुसार, हमलावरों ने देर रात 4 से 5 राउंड फायरिंग की। गोलियों की आवाज सुनकर अनाज मंडी में भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जबकि हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सुल्तानपुर लोधी सिविल अस्पताल की डॉ. अर्पण कौर ने बताया कि देर रात एक गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत के कारण उसे तुरंत कपूरथला सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस फायरिंग की घटना से अनाज मंडी के व्यापारियों और आम लोगों में डर का माहौल है। पुलिस चौकी के इतने करीब ऐसी वारदात होने से सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गई हैं।
Source link

