पटियाला में भाजपा नेता करुण कौड़ा का आरोप: AAP में नहीं गया तो बदनाम करने की मुहिम शुरू, पुराने मामलों को दिया जा रहा तूल – Patiala News
पटियाला में भारतीय जनता पार्टी के नेता करुण कौड़ा ने आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल होने से इनकार करने के बाद उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। कौड़ा के अनुसार, उनके वर्षों पुराने कारोबारी मामलों को राजनीतिक रंग देकर उनके खिलाफ एक नकारात्मक अभियान चलाया जा रहा है। कौड़ा ने बताया कि कुछ राजनीतिक व्यक्तियों ने उन्हें अपनी पार्टी में शामिल करने का प्रयास किया था, जिसे उन्होंने अस्वीकार कर दिया। उनका आरोप है कि इस इनकार के बाद, उनके पुराने कारोबारी मामलों को उनके राजनीतिक जीवन से जोड़कर जनता के बीच उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है। कौड़ा बोले- मुझे बदमान करने की कोशिश कौड़ा के मुताबिक, जिन कारोबारी मामलों का उल्लेख किया जा रहा है, उनमें से कई कानूनी प्रक्रिया के तहत पहले ही निपटाए जा चुके हैं। कुछ अन्य मामले संबंधित अदालतों में विचाराधीन हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन कंपनियों के नाम उनके साथ जोड़े जा रहे हैं, उनमें से एक कंपनी से उनका कोई संबंध नहीं है। इससे जुड़े अदालती रिकॉर्ड और कानूनी दस्तावेज उपलब्ध हैं। भाजपा नेता ने कहा कि वह भारत के संविधान, कानून और न्यायपालिका का सम्मान करते हैं और हमेशा कानूनी प्रक्रिया का पालन करते आए हैं। उन्होंने जोर दिया कि किसी भी व्यक्ति या संस्था को अदालती फैसलों और कानूनी तथ्यों को नजरअंदाज कर जनता को गुमराह करने का अधिकार नहीं है। कौड़ा ने अपने द्वारा जारी एक वीडियो का जिक्र करते हुए कहा, “जो खरीदा नहीं जा सकता, उसे बदनाम करने की कोशिश की जाती है।” उन्होंने आरोप लगाया कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उनकी राजनीतिक सक्रियता से घबराकर उनके खिलाफ यह कथित अभियान चलाया जा रहा है।
Source link

