जालंधर ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 309 ग्राम हेरोइन के साथ सफेद सफारी गाड़ी में सवार अमृतसर के दो नशा तस्करों को किया गिरफ्तार – Jalandhar News
जालंधर ग्रामीण पुलिस ने जिले में नशा तस्करों एवं समाज विरोधी तत्वों के विरुद्ध चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत जालंधर ग्रामीण की सी.आई.ए. स्टाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 309 ग्राम हेरोइन और एक सफेद रंग की टाटा सफारी गाड़ी (नंबर PB06-H-6133) बरामद की है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) स. हरविंदर सिंह विर्क, पी.पी.एस. के दिशा-निर्देशों पर, पुलिस अधीक्षक (जांच) विनीत अहलावत, आई.पी.एस. और उप पुलिस अधीक्षक (जांच) लखविंदर सिंह, पी.पी.एस. की निगरानी में इंस्पेक्टर पुष्प बाली (प्रभारी सी.आई.ए. स्टाफ) के नेतृत्व में की गई। गुप्त सूचना के आधार पर नाकेबंदी के दौरान हुई गिरफ्तारी मामले की जानकारी देते हुए एस.एस.पी. स. हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि सी.आई.ए. स्टाफ को एक विश्वसनीय इनपुट मिला था कि दो व्यक्ति अमृतसर के सीमावर्ती इलाकों से हेरोइन लाकर करतारपुर और कपूरथला क्षेत्र में सप्लाई करने की फिराक में हैं। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए 07 जुलाई 2026 को एस.आई. कश्मीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी ने गांव दयालपुर के पास एच.पी. पेट्रोल पंप के सामने नव-निर्मित राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाकेबंदी की। इस दौरान टाटा सफारी गाड़ी के पास खड़े दो संदिग्ध व्यक्तियों को काबू किया गया। आरोपियों की पहचान और बरामदगी का विवरण पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुखप्रीत सिंह उर्फ सुख पुत्र तरसेम सिंह, निवासी गांव भिंडी सैदां, जिला अमृतसर के रुप में हुई है। इस आरोपी के कब्जे से 169 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा सरबजीत सिंह उर्फ घुक पुत्र गुरनाम सिंह, निवासी गांव भग्गूपुर बेट, जिला अमृतसर के रुप में हुई है। इसके कब्जे से 140 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। इस गिरफ्तारी के संबंध में थाना करतारपुर (जालंधर ग्रामीण) में आरोपियों के खिलाफ एफ.आई.आर. संख्या 141 (दिनांक 07.07.2026) के तहत एन.डी.पी.एस. अधिनियम की धारा 21(C), 61 और 85 के अंतर्गत केस दर्ज किया गया है। पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा: रिश्तेदारों के जरिए फैलाया नेटवर्क शुरुआती पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने माना कि वे रातों-रात अमीर बनने और जल्दी पैसा कमाने के लालच में इस धंधे में उतरे थे। आरोपी सरबजीत सिंह के करतारपुर और कपूरथला क्षेत्र में रिश्तेदार हैं, जिसका फायदा उठाकर उन्होंने इस इलाके में ड्रग्स के ग्राहकों का एक पूरा नेटवर्क तैयार कर लिया था। वे बॉर्डर एरिया से सस्ती हेरोइन लाकर यहां महंगे दामों पर बेचते थे। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है। रिमांड के दौरान पुलिस कई एंगल पर जांच करेगी।
Source link

