भाजपा पार्षद के क्लीनिक पर हमला, भाई घायल: नशा तस्करों की शिकायत के बाद वारदात, डॉक्टर के बारे में पूछा फिर किया पथराव – Abohar News
अबोहर के राजीव नगर (वार्ड नंबर 27) में बुधवार दोपहर उस समय भारी दहशत फैल गई, जब कुछ बेखौफ युवकों ने भाजपा पार्षद और जाने-माने चिकित्सक डॉ. मुकेश के क्लीनिक पर अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने क्लीनिक को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध ईंट-पत्थर बरसाए, जिससे केबिन के शीशे चकनाचूर हो गए। इस हमले में क्लीनिक पर मौजूद डॉ. मुकेश के भाई जसवीर उर्फ जोनी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।तसल्ली इस बात की रही कि हमले के वक्त खुद डॉ. मुकेश क्लीनिक पर मौजूद नहीं थे, जिससे वे बाल-बाल बच गए। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है और पीड़ितों के बयानों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। इस घटना पर विधायक संदीप जाखड़ ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। क्लीनिक में घुसते ही पूछा, फिर शुरू कर दिया पथराव परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, हमलावर युवक जैसे ही क्लीनिक पर पहुंचे, उन्होंने सबसे पहले डॉ. मुकेश के बारे में पूछताछ की। डॉ. मुकेश के न मिलने पर उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट और चेतावनी के ताबड़तोड़ ईंटें और पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। हमला इतना अचानक और जोरदार था कि क्लीनिक के साथ-साथ पास ही स्थित एक मेडिकल स्टोर को भी भारी नुकसान पहुंचा है। नशा तस्करों के खिलाफ शिकायत बनी हमले की वजह! मोहल्लावासियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश और नशा तस्करों का हाथ होने का अंदेशा है। कुछ दिन पहले गली नंबर 18 में एक विवाद हुआ था, जिसके बाद डॉ. मुकेश ने कुछ शरारती युवकों के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसके अलावा, इलाके में सक्रिय नशा तस्करों के खिलाफ आवाज उठाने के कारण डॉ. मुकेश को पिछले कुछ समय से लगातार धमकियां भी मिल रही थीं। माना जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया है। विधायक संदीप जाखड़ ने पुलिस प्रशासन को घेरा इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भारी रोष और डर का माहौल है। वारदात की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग और भाजपा कार्यकर्ता मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय विधायक संदीप जाखड़ ने भी इस घटना पर कड़ा संज्ञान लिया है। विधायक ने शहर की कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जब जन प्रतिनिधियों और डॉक्टरों पर सरेआम हमले हो रहे हैं, तो आम जनता कैसे सुरक्षित रहेगी। उन्होंने पुलिस को चेतावनी दी है कि आरोपियों पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए।
Source link

