मोहाली में 31 हजार नशीली गोलियों के साथ दो गिरफ्तार: बस से उतरे पटियाला के 2 तस्कर पुलिस देख भागे, यूपी के वाराणसी से लाए थे – Mohali News
पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत मोहारी की लालड़ू पुलिस को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने दप्पर टोल प्लाजा के पास विशेष नाकाबंदी के दौरान दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में यानी कुल 31 हजार लोमोटिल (Lomotil) नशीली गोलियां बरामद की गई हैं। पकड़े गए दोनों आरोपी पटियाला जिले के रहने वाले हैं। हरियाणा रोडवेज की बस से उतरे, पुलिस को देख फैंकी बैग मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चौकी लेहली के इंचार्ज गुरविंदर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने 8 जुलाई को दप्पर टोल प्लाजा के नजदीक विशेष नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान अंबाला (हरियाणा) की तरफ से आई एक हरियाणा रोडवेज की बस से दो युवक नीचे उतरे। नाके पर तैनात पुलिस पार्टी को देखते ही दोनों युवक घबरा गए और पीछे मुड़कर लालड़ू की तरफ भागने का प्रयास करने लगे। युवकों की संदिग्ध हरकतों को देखकर पुलिस टीम को शक हुआ और उन्होंने तुरंत पीछा कर दोनों को थोड़ी ही दूरी पर दबोच लिया। भागने के प्रयास में आरोपियों ने अपने हाथ में पकड़ा एक बैग सड़क किनारे गड्ढे (खड्ड) में फेंक दिया था। पुलिस ने जब उस बैग को बरामद कर उसकी तलाशी ली, तो उसमें से 31 हजार नशीली गोलियां बरामद हुईं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान वरिंदर सिंह निवासी गांव घारामा (जिला पटियाला) हरप्रीत सिंह निवासी गांव खूहा (जिला पटियाला) के रूप में हुई है। यूपी के बनारस से जुड़े हैं तस्करी के तार पुलिस द्वारा की गई शुरुआती पूछताछ में एक बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपियों ने कबूल किया है कि वे नशीली गोलियों की यह बड़ी खेप उत्तर प्रदेश के बनारस (वाराणसी) से लेकर आए थे। इस प्रतिबंधित खेप को पंजाब के अलग-अलग जिलों और स्थानीय क्षेत्रों में महंगे दामों पर सप्लाई किया जाना था। पुलिस रिमांड में खुलेगा नेटवर्क लालड़ू पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान कड़ाई से पूछताछ की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि उत्तर प्रदेश में इन्हें यह नशा किसने सप्लाई किया था और पंजाब में इनके संपर्क किन-किन बड़े तस्करों से हैं। पुलिस को इस मामले में आगे कई और महत्वपूर्ण खुलासे होने की उम्मीद है।
Source link

