पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: परिवार के 4 मेंबरों ने जहर खाया; मंत्री ने हथियारबंद युवाओं के फोटो जारी किए; पूर्व CM चन्नी कांग्रेस हाईकमान के आगे झुके – Chandigarh News

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:  परिवार के 4 मेंबरों ने जहर खाया; मंत्री ने हथियारबंद युवाओं के फोटो जारी किए; पूर्व CM चन्नी कांग्रेस हाईकमान के आगे झुके – Chandigarh News


.

पंजाब-चंडीगढ़ में सबसे बड़ी खबर पटियाला में एक ही परिवार के जहर निगलने से जुड़ी रही। जिसमें बाप-बेटी की मौत हो गई।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. मंत्री बिट्टू ने हथियारबंद युवाओं के फोटो जारी किए, पूछा- AK-47, ड्रम मैगजीन वाले कौन

पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ की फिल्म सतलुज विवाद के बीच केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्‌टू ने हथियारबंद युवाओं के फोटो जारी किए हैं। इस पोस्ट में उन्होंने बताया है कि ये 1990 के दशक के आतंकी हैं, जो पंजाब की गलियों में घूमते थे। पोस्ट में उन्होंने पूछा है कि AK-47 और ड्रम मैगजीन लेकर घूमने वाले ये लोग कौन थे?

इधर, सतलुज विवाद हाईकोर्ट तक पहुंच गया है। मोहाली के व्यक्ति सरवन सिंह ने याचिका लगाकर फिल्म को OTT प्लेटफॉर्म पर वापस लाने की मांग की है। इसी बीच मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के कत्ल का मामला भी गरमा गया है। अब नाभा ओपन एग्रीकल्चर जेल प्रशासन ने होशियारपुर पुलिस को पत्र लिखकर इस मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे दोषी पूर्व DSP जसपाल सिंह का पता लगाने के निर्देश दिए हैं।

होशियारपुर थाना सदर ने इस बात की पुष्टि की है कि उन्हें पूर्व DSP को ढूंढने के लिए कहा गया है। खालड़ा हत्याकांड में उम्रकैद काट रहे पूर्व DSP जसपाल सिंह को मई 2023 में नाभा ओपन एग्रीकल्चर जेल से 1 लाख रुपए के निजी बॉन्ड पर जमानत पर रिहा किया गया था। इसके बाद उसका कोई पता नहीं है (पढ़ें पूरी खबर)

2. पूरे परिवार ने जहर खाया, पिता-बेटी की मौत

पटियाला में एक ही परिवार के चार सदस्यों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद उनकी ताबियत बिगड़ गई। जिसके चलते सभी को राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान पिता और बेटी की मौत हो गई, जबकि मां और बेटे का इलाज चल रहा है। मृतकों में पिता विकास बातिश (45), बेटी खुशी बातिश (13) शामिल हैं, जबकि मां तमन्ना बातिश (43) और बेटा कनव (11) की हालत गंभीर बनी हुई है।

डीएसपी सिटी-1 संजीव सिंगला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घरेलू लेन-देन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। ये परिवार शहर की अफसर कॉलोनी में रहता था। घटना की सूचना बुधवार रात को अस्पताल से मिली। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और पूरे जांच की। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं।

DSP संजीव सिंगला ने कहा- अन्य सबूत भी पुलिस जुटा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना किन हालात में हुई। यदि जांच के दौरान कोई नया तथ्य सामने आता है, तो उस आधार पर भी कार्रवाई की जाएगी (पढ़ें पूरी खबर)

3. बंबीहा गैंग के शूटर का एनकाउंटर, अस्पताल पर 3 सेकेंड में 4 गोलियां चलाई थी

जालंधर में पुलिस ने शहर के वरदान हॉस्पिटल पर फायरिंग करने वाले बंबीहा गैंग के शूटर को मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया। उसके पैर में गोली लगी है। वह गैंगस्टर लक्की पटियाल गैंग से जुड़ा था और मोहाली-मोगा में मोस्ट वांटेड था। जालंधर के पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने कहा कि हमारे पास स्पेशल इन्फॉर्मेशन थी, उसके तहत CIA स्टाफ ने नाका लगाया था।

जब पुलिस टीम ने रुकने के इशारा किया तो वह बाइक भगाकर इस तरफ आ गया। आगे आकर इसकी बाइक स्लिप हो गई, जिसके बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी सेल्फ डिफेंस में फायरिंग की तो उसको गोली लग गई। इसके बाद एंबुलेंस मंगवाकर उसे तुरंत अस्पताल भेजा जा रहा है। इसकी शिनाख्त जोध सिंह जोधा के तौर पर हुई, जो शाहकोट एरिया का रहने वाला है।

पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने कहा कि करीब 2–3 महीने पहले जालंधर में वरदान अस्पताल के बाहर गेट पर फायरिंग हुई थी, इसी ने वह गोलियां चलाई थीं। आज जो हेलमेट और हथियार इससे बरामद हुआ, यही इसने उस दिन वारदात में भी इस्तेमाल किया था। ये पक्का क्रिमिनल है। ये आरोपी ऑर्गेनाइज्ड क्राइम का हिस्सा रहा है। विदेश बैठा लक्की पटियाल ही इसे हैंडिल करता था (पढ़ें पूरी खबर)

4. कांग्रेस हाईकमान के आगे झुका चन्नी गुट, 2 नेता चंडीगढ़ में AICC प्रभारी बघेल से मिलेंगे

पंजाब कांग्रेस में बगावती तेवर दिखा रहे पूर्व CM व जालंधर सांसद चरणजीत चन्नी हाईकमान के किनारा करने के बाद झुक गए हैं। गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर रंधावा, कपूरथला से MLA राणा गुरजीत और जालंधर कैंट से MLA परगट सिंह के बोल बदल गए हैं। चन्नी गुट के 2 नेता AICC के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल से मिलकर अपना पक्ष रखेंगे। इनमें सांसद रंधावा भी शामिल हैं। इन नेताओं का कहना है कि हमारी किसी से कोई नाराजगी नहीं है।

सांसद रंधावा का कहना है कि सारी पंजाब कांग्रेस एकजुट है। हम सब मिलकर इसे सुलझा लेंगे। राणा गुरजीत ने कहा कि कांग्रेस में ‘ऑल इज वेल’ है। MLA परगट सिंह ने कहा कि कांग्रेस में किसी तरह का डेडलॉक नहीं है। बघेल 6 जुलाई को पंजाब में 5 दिन के दौरे पर आए थे। कल उनका आखिरी दिन है। इससे पहले ही चन्नी गुट के तेवर ढीले पड़ गए।

इससे पहले चन्नी दिल्ली जाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी या उनकी टीम से मिलना चाहते थे, लेकिन उन्हें टाइम नहीं मिला। इसके बाद चन्नी गुट ने चंडीगढ़ में MLA राणा गुरजीत के घर में तीसरी मीटिंग बुलाई। जिसमें बघेल से मिलने का फैसला हो गया। उधर, AICC के पंजाब प्रभारी बघेल दूसरी बार कह चुके हैं कि पंजाब में हाईकमान का फैसला नहीं बदलेगा (पढ़ें पूरी खबर)

5. हेरोइन समेत SI गिरफ्तार, PAK से आया नशा सप्लाई करता था

तरनतारन में थाना खालड़ा में तैनात सब-इंस्पेक्टर साहिब सिंह को CIA स्टाफ की टीम ने करीब 300 ग्राम हेरोइन और ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, CIA स्टाफ को सूचना मिली थी कि संबंधित पुलिस अधिकारी कथित तौर पर अपनी वर्दी का दुरुपयोग करते हुए नशा तस्करी से जुड़ी गतिविधियों में शामिल है।

इसी सूचना के आधार पर एसपी (इन्वेस्टिगेशन) रिपुतापन सिंह की अगुआई में एक विशेष टीम का गठन कर ये कार्रवाई की गई। सूत्रों के अनुसार, यह बरामदगी तरनतारन जिले के गांव मजूपुर के निवासी साहिब सिंह से जुड़े झबाल के पास स्थित एक अहाते से हुई। छापेमारी के दौरान करीब 300 ग्राम हेरोइन और कथित ड्रग मनी बरामद की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने साहिब सिंह को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि आरोपी SI पाकिस्तान से आने वाली हेरोइन को पंजाब सहित अन्य राज्यों में भेजने में मदद करता था। हालांकि, इस पूरे मामले में अभी तक पंजाब पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में बरामदगी, गिरफ्तारी और आगे की कानूनी कार्रवाई से जुड़ी जानकारी का आधिकारिक पुष्टि के साथ सामने आना अभी बाकी है। (पढ़ें पूरी खबर)

6. पंजाब-चंडीगढ़ में कल भारी बारिश का अलर्ट

पंजाब-चंडीगढ़ में कल भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक इसके बाद बारिश में कमी आ सकती है। पंजाब में मानसून 7 दिन पहले आया था लेकिन ज्यादा बारिश न होने की वजह से गर्मी और उमस बनी हुई है। अधिकतम टेंपरेचर में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।

चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज (9 जुलाई) से अगले 3 दिनों तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं गर्मी और उमस के कारण पंजाब में बिजली की मांग 15,405 मेगावाट दर्ज की गई। BBMB के ताजा आंकड़ों के मुताबिक बांधों में पानी डेंजर लेवल से नीचे है। जिससे बाढ़ जैसा कोई खतरा नहीं है।

मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार 10 जुलाई से मानसून की गतिविधियां धीरे-धीरे कमजोर पड़ेंगी और अगले दो से तीन दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जिससे मौसम सामान्य से ठंडा और सुहावना बना रहेगा (पढ़ें पूरी खबर)

7. SIR में नाम कटा तो महिलाओं को ₹1 हजार नहीं मिलेंगे; ₹10 लाख तक कैशलेस इलाज भी नहीं

पंजाब में वोटर सूची के स्पेशल इंटेसिव रिवीजन (SIR) में आपका नाम कट गया तो न 10 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिलेगा और न ही महिलाओं को हर महीने 1 हजार रुपए आएंगे। इसकी वजह ये है कि इन दोनों स्कीमों के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने वोटर कार्ड जरूरी किया हुआ है।

वहीं 7 स्कीमें ऐसी भी हैं, जिसमें वोटर कार्ड वैकल्पिक दस्तावेज के तौर पर यूज होता है। हालांकि अनऑफिशियल तौर पर इसके लिए वोटर कार्ड मांगा ही जाता है। पंजाब में SIR में जुटे एक बूथ लेवल अफसर (BLO) ने दावा किया कि वोटर लिस्ट में कई ऐसे नाम कट रहे हैं, जो अपने गृह राज्यों में SIR में इसे दर्ज करा चुके हैं। इस वजह से उनके यहां वोट काटने पड़ रहे हैं।

CM भगवंत मान और मंत्री अमन अरोड़ा ने भी अपील की कि लोग SIR में अपना नाम जरूर जुड़वाएं। इससे उन्हें सरकार की तरफ से चलाई जा रही अलग-अलग स्कीमों का लाभ मिलेगा (पढ़ें पूरी खबर)

8. PAK गैंगस्टर बोला- मेरे नाम से झूठे कॉल्स किए जा रहे, डरें नहीं

पाकिस्तानी गैंगस्टर ने दावा दकिया कि उसके नाम का इस्तेमाल कर पंजाब में फिरौती और धमकी के झूठे कॉल किए जा रहे हैं। मेरा किसी व्यक्ति या गैंग से कोई संबंध नहीं है। लोग इन धमकी भरे कॉल्स से न तो डरें और न इन पर भरोसा करें।जिसे मुझे कॉल करनी होती है, मैं खुद करता हूं।

भट्‌टी ने कहा कि अगर कोई आपसे कहता है कि हम शहजाद भट्टी के राइट हैंड हैं, लेफ्ट हैंड हैं, हम आपकी शहजाद भट्टी से बात करवा देंगे या हम शहजाद भट्टी के भाई हैं, तो बिल्कुल भी उन पर भरोसा मत करना। मेरा न कोई राइट हैंड है और न कोई लेफ्ट हैंड।

भट्टी ने कहा कि अगर कोई यह साबित कर दे कि यह शहजाद भट्टी का आदमी था और उसके पीछे मैं न गया हूं, या मैंने अपना पैसा न लगाया हो, या उसकी कोई मदद न की हो। जो लोग मेरे नाम पर धमकी भरे फोन कर रहे हैं या फिरौती वसूल रहे हैं, उनके लिए भी मेरा संदेश है कि इंसान बनो। अगर तुममें से एक भी मेरे हाथ लग गया, तो आगे क्या होगा, मेरे तरीके के बारे में तुम पहले से जानते हैं (पढ़ें पूरी खबर)

खबर विदेश से…

9. पंजाबी युवक की लंदन में मौत, शादी की तैयारी चल रही थी

फिरोजपुर के 24 साल के युवक सहजीत सिंह की लंदन में मौत हो गई। वह गांव सूबा कदीम के रहने वाले थे। सहजीत की मौत कैसे हुई, इसके बारे में परिवार को पता नहीं चल पाया। परिवार के मुताबिक सहजीत 5 साल बाद इसी महीने घर लौटने वाला था। परिवार उसके स्वागत की तैयारियों में जुटा था। मृतक सहजीत सिंह के पिता वीर सिंह ने रोते हुए बताया कि उनका बेटा 17 जून 2021 को स्टडी वीजा पर लंदन गया था।

वहां अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद वह वर्क परमिट पर रहकर एक मॉल में सेल्समैन के रूप में काम कर रहा था। विदेश में करीब 5 साल बिताने के बाद सहजीत इसी महीने अपने गांव लौटने वाला था। 3 जुलाई को भारत आने के लिए उसकी हवाई टिकट भी बुक हो चुकी थी। मौत से दो दिन पहले तक सहजीत की वीडियो कॉल पर घरवालों से बात हुई थी, जिसमें वह बेहद खुश और पूरी तरह स्वस्थ लग रहा था। सहजीत की बहन ने बताया कि 16 जून 2026 की सुबह भी उसकी भाई से बात हुई थी।

इसके बाद जब सहजीत के एक दोस्त ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, तो फोन वहां के एक पुलिस अधिकारी ने उठाया। पुलिस ने बताया कि सहजीत लंदन के एक पार्क में बेहोशी की हालत में मिला था, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके…

10. DIG ने की रेड, शराब पीकर सोते मिले SHO, सस्पेंड किया

अमृतसर बॉर्डर रेंज के डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल ने देहात के विभिन्न पुलिस थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान राजासांसी थाने में बड़ी लापरवाही पकड़ी गई। जब DIG थाने में पहुंचे तो वहां तैनात एसएचओ अपनी निर्धारित ड्यूटी पर मौजूद नहीं मिले।

वह नाके पर तैनाती को छोड़कर अपने कमरे में शराब के नशे में सोते मिले। जिससे DIG का पारा चढ़ गया और उन्होंने SHO को तत्काल सस्पेंड करने के आदेश दे दिए। डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसलिए सभी कर्मचारी ईमानदारी और जिम्मेदारी से अपनी ड्यूटी निभाएं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाया जा सके (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *