गुरदासपुर में हुआ शिक्षक गुरप्रीत सिंह का अंतिम संस्कार: कल नहर से मिला था शव; शिक्षक नेताओं ने परिवार को सहायता देने की उठाई मांग – Gurdaspur News
गुरदासपुर जिले के गांव सल्लोपुर निवासी शिक्षक गुरप्रीत सिंह का बुधवार को उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। गुरप्रीत सिंह ने कथित तौर पर नहर में छलांग लगाकर जान दे दी थी। उनका शव मंगलवार शाम तुगलवाल गांव के पास नहर से बरामद हुआ था। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार, गुरप्रीत सिंह ने पिछले मंगलवार को अपरबारी दोआब नहर के भट्टियां पुल से छलांग लगा दी थी। इसके बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों द्वारा उनकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद मंगलवार शाम को उनका शव नहर से बरामद हुआ। बुधवार को गुरदासपुर के सरकारी अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शाम करीब 4 बजे उनका शव गांव सल्लोपुर स्थित घर लाया गया, जहां परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और ग्रामीणों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। बाद में गांव के श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके बड़े भाई हरप्रीत सिंह और बेटों शिवजीत सिंह व अवेजीत सिंह ने चिता को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में SDM भी पहुंचे अंतिम संस्कार में हलका कादियां के इंचार्ज गुर इकबाल सिंह माहल और एसडीएम अशोक कुमार भी पहुंचे। दोनों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। गुर इकबाल सिंह माहल ने परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया, जबकि एसडीएम अशोक कुमार ने कहा कि दुख की इस घड़ी में प्रशासन परिवार के साथ खड़ा है। इस बीच शिक्षक नेताओं कुलदीप पुरेवाल और ओंकार सिंह ने आरोप लगाया कि गुरप्रीत सिंह की मौत के पीछे प्रशासनिक दबाव जिम्मेदार है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।
Source link

