आवारा कुत्तों के आतंक पर मोगा प्रशासन की कार्रवाई: कपूरे गांव से 15-20 कुत्ते पकड़े, बाकी को भी किया जाएगा शिफ्ट – Moga News
मोगा जिला प्रशासन ने गांव कपूरे में आवारा कुत्तों से उत्पन्न दहशत के मद्देनजर कार्रवाई शुरू कर दी है। दैनिक भास्कर की खबर के बाद, ब्लॉक विकास एवं पंचायत कार्यालय और पशुपालन विभाग ने एनिमल वेलफेयर संस्था चूहड़चक्क के सहयोग से गांव से 15-20 आवारा कुत्तों को पकड़ा है। प्रशासन ने बताया कि गांव में बचे हुए अन्य आवारा कुत्तों को भी पकड़कर उचित स्थान पर स्थानांतरित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को आवारा कुत्तों से होने वाली किसी भी परेशानी से बचाना है। एनिमल वेलफेयर संस्था इन पकड़े गए कुत्तों की नसबंदी भी करवाएगी। मोगा के DC ने दी जानकारी मोगा के डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन मोगा जिले के निवासियों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर दिया कि किसी भी समस्या का त्वरित और उचित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। सेतिया ने स्पष्ट किया कि गांव कपूरे में आवारा कुत्तों द्वारा लोगों को काटने और घायल करने की कई घटनाएं सामने आई थीं। इन्हीं घटनाओं के मद्देनजर प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई शुरू की है। धर्मकोट के बीडीपीओ धर्मदास ने आश्वासन दिया कि यह कार्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांववासियों को आवारा कुत्तों से संबंधित किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
Source link

