मांवां-धीयां योजना में भेदभाव नहीं, फ्री बनेंगे प्रमाण पत्र: गुप्ता – Amritsar News
भास्कर न्यूज | अमृतसर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने कहा कि उनके हलके में बिजली, सफाई और सीवरेज से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पीएसपीसीएल के बार्डर जोन चीफ इंजीनियर सुरिंदर कुमार बैंस, एसई अजीतपाल मुलतानी, एक्सईएन सिमरपाल सिंह सैणी और एक्सईएन गगनदीप सिंह समेत सभी संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर विधानसभा क्षेत्र के सभी वार्डों की समस्याओं की विस्तार से समीक्षा की गई। जहां ट्रांसफार्मर लगाने, नई बिजली केबल बिछाने, जर्जर तार बदलने या बिजली आपूर्ति में सुधार की जरूरत है, वहां प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा। अधिकारियों ने सभी समस्याएं दर्ज कर जल्द समाधान का भरोसा दिया है। बिजली विभाग के बाद नगर निगम कमिश्नर बिक्रमजीत शेरगिल, हैल्थ अफसर डॉ किरण और अधिकारियों के साथ भी बैठक की गई। इसमें सफाई व्यवस्था, सीवरेज सिस्टम और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर वार्डवार चर्चा हुई। सभी पार्षदों और वार्ड इंचार्जों से फीडबैक लिया गया है, ताकि स्थानीय समस्याओं का जल्द समाधान हो सके। मांवां-धीयां सत्कार योजना को लेकर उठ रहे सवालों पर डॉ. गुप्ता ने कहा कि आवेदन पूरी पारदर्शिता के साथ पहले आने वाले के आधार पर भरे जा रहे हैं। पार्टी या किसी और प्रकार का भेदभाव नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक कारणों से अफवाहें फैला रहे हैं, लेकिन योजना सुचारु रूप से चल रही है। एससी वर्ग की महिलाओं से जाति प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर पैसे वसूलने की शिकायतों पर उन्होंने कहा कि किसी को भी पैसा देने की जरूरत नहीं है। यदि कोई एजेंट पैसे मांगता है तो इसकी शिकायत सीधे उनके कार्यालय में करें। जरूरतमंदों के जाति प्रमाण पत्र उनके कार्यालय से निशुल्क बनवाने में सहायता दी जाएगी।
Source link

