मस्जिद के बाहर दुकान में आगजनी, VIDEO: बाइक सवार युवकों ने पेट्रोल छिड़का,धार्मिक पुस्तकें जली, CCTV में कैद हुई वारदात – Ludhiana News
लुधियाना के न्यू शिवपुरी स्थित संतोख नगर इलाके में एक मस्जिद परिसर के बाहर बनी धार्मिक पुस्तकों और अन्य सामान की दुकान में आग लगाने का मामला सामने आया है। घटना की सीसीटीवी वीडियो भी सामने आई है। दो बदमाश बाइक पर सवार होकर आए और दुकान के बाहर पेट्रोल आदि ज्वलनशील पदार्थ छिड़कर कर आग लगाते हुए फुटेज में कैद हुए। घटना के बाद थाना दरेसी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में अब्दुल रज्जाक निवासी किरायेदार केंद्रीय सुन्नी नूरी जामा मस्जिद, गली नंबर-4, संतोख नगर, न्यू शिवपुरी ने बताया कि वह मस्जिद में सेवादार के तौर पर कार्य करता है। मस्जिद की ओर से उसे एक दुकान दी गई थी, जिसमें वह मुस्लिम धर्म से संबंधित पुस्तकें तथा मस्जिद में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बेचता था। 4 जुलाई की रात दुकान के बाहर सुन शोर शराबा को घटना का पता चला शिकायतकर्ता के अनुसार 4 जुलाई 2026 की रात उसे बाहर गली में शोर-शराबा सुनाई दिया। जब वह बाहर आया तो देखा कि उसकी दुकान में आग लगी हुई थी। आस-पास के लोग आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन तब तक दुकान में रखा काफी सामान जल चुका था। अब्दुल रज्जाक ने बताया कि आग लगने से दुकान में रखी धार्मिक पुस्तकें और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया, जिससे उसे आर्थिक नुकसान के साथ-साथ धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंची है। सीसीटीवी फुटेज में हुआ खुलासा घटना के बाद जब मस्जिद में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई तो उसमें कथित तौर पर तीन अज्ञात व्यक्ति एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आते दिखाई दिए। आरोप है कि उन्होंने दुकान पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 298, 299, 326(एफ), 326(जी), 324(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना दरेसी पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
Source link

