लुधियाना में पूर्व विधायक बैंस का कड़वल पर पलटवार: बोले-82 लाख की पर्ची 3 साल में नहीं हुई क्लियर, आरोप लगाने वाले के परिवार में रेप के आरोपी – Ludhiana News
पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। पूर्व विधायक सिमरजीत सिंह बैंस और कांग्रेस नेता कमलजीत कड़वल के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। कड़वल ने जहां बैंस और कांग्रेस प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं बैंस ने भी पलटवार करते हुए कड़वल पर निजी और राजनीतिक हमले किए हैं। दोनों नेताओं के बयानों से कांग्रेस की गुटबाजी फिर चर्चा में आ गई है। अब यह विवाद सिर्फ राजनीतिक मतभेद तक सीमित नहीं रहा, बल्कि व्यक्तिगत आरोपों और सार्वजनिक बयानबाजी तक पहुंच गया है। कांग्रेस में बढ़ी गुटबाजी, बैंस और कड़वल आमने-सामने हाल ही में कमलजीत कड़वल ने पूर्व विधायक सिमरजीत बैंस और पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को निशाने पर लिया। कड़वल ने आरोप लगाया कि सांसद राजा वड़िंग के करोड़ों रुपये कुछ बिल्डरों के पास कुछ लोगों ने निवेश करवाए हैं। हालांकि उन्होंने किसी का नाम स्पष्ट रूप से नहीं लिया। कड़वल ने कहा कि कुछ ऐसे नेता कांग्रेस में शामिल किए गए हैं, जिन्हें लोग अपने घरों में घुसने तक नहीं देना चाहते। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे नेताओं के कारण कांग्रेस को नुकसान पहुंचा है। कड़वल ने कहा कि वह पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा बुलाई गई बैठक में शामिल हुए थे, जहां पुराने कांग्रेस नेताओं की पीड़ा सामने आई। उन्होंने कहा कि कुछ नेता केवल पद और निजी हितों की राजनीति कर रहे हैं। कड़वल ने दावा किया कि कांग्रेस में हाल के वर्षों में शामिल हुए कुछ नेताओं ने पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाया है। बैंस ने किया पलटवार कमलजीत कड़वल के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व विधायक सिमरजीत सिंह बैंस ने कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी उनके बड़े भाई समान हैं और कांग्रेस को कमजोर करने वालों से उन्हें दूरी बनाए रखनी चाहिए। बैंस ने कहा कि जो लोग आज राजा वड़िंग के निवेश की बातें कर रहे हैं, वे पहले उनके तीन साल पुराने 82 लाख रुपये का हिसाब दें। अभी तक वह पची क्लियर नहीं हुई। उन्होंने दावा किया कि यह रकम अभी तक वापस नहीं की गई है। बयाज की बात करें तो अब तक 3 करोड़ रुपए तक यह रकम पहुंच गई है। बैंस ने कड़वल के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि जो लोग उन पर व्यक्तिगत आरोप लगा रहे हैं, उन्हें पहले अपने घर और परिवार की ओर देखना चाहिए। बैंस ने कहा कि जो मुझ पर आरोप लगा रहे है उनके खुद के परिवारों में बलात्कार के आरोपी हैं। उन्होंने कड़वल पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि आने वाले दिनों में कुछ रिकॉर्डिंग सार्वजनिक की जाएंगी। कांग्रेस में एकजुटता का दावा बैंस ने स्वीकार किया कि कांग्रेस में गुटबाजी की चर्चा हो रही है, लेकिन उन्होंने दावा किया कि वरिष्ठ नेता इसे समाप्त करने के प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में चरणजीत सिंह चन्नी समेत अन्य वरिष्ठ नेता और राजा वड़िंग एकजुट होकर दिखाई देंगे। बैंस ने कहा कि कांग्रेस ने जब चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया था, तब शायद उन्हें भी इसकी उम्मीद नहीं थी। उन्होंने पार्टी नेताओं से कांग्रेस के प्रति वफादार सिपाही की तरह काम करने की अपील की। कड़वल बोले, कल करूंगा खुलासा विवाद के बीच कमलजीत कड़वल ने कहा कि वह अपने भाई के ऑपरेशन के सिलसिले में चंडीगढ़ जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह कल इस बात का खुलासा करेंगे कि कैसे उन्होंने सिमरजीत बैंस को विधायक बनाया। कड़वल ने संकेत दिए कि वह आने वाले समय में बैंस को लेकर और भी खुलासे कर सकते हैं। दोनों नेताओं के बीच बढ़ती बयानबाजी ने कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को फिर सुर्खियों में ला दिया है।
Source link

