फरीदकोट स्पीकर संधवां के घर कर्मचारियों का घेराव: बोले- AAP ने वादे नहीं निभाए, मांगें न मानीं तो 17 जुलाई को चंडीगढ़ कूच – Faridkot News

फरीदकोट स्पीकर संधवां के घर कर्मचारियों का घेराव:  बोले- AAP ने वादे नहीं निभाए, मांगें न मानीं तो 17 जुलाई को चंडीगढ़ कूच – Faridkot News




फरीदकोट के गांव संधवां में रविवार को पंजाब मुलाजिम एवं पेंशनर सांझा फ्रंट और सांझा मुलाजिम मंच की सांझी तालमेल कमेटी के आह्वान पर जिले भर के कर्मचारियों और पेंशनरों ने पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां के घर के बाहर धरना दिया और अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की। धरने के दौरान तालमेल कमेटी ने घोषणा की कि यदि कर्मचारियों और पेंशनरों की लंबे समय से लंबित मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो 17 जुलाई को चंडीगढ़ में पंजाब सरकार के खिलाफ राज्यस्तरीय प्रदर्शन किया जाएगा। आप सरकार पर वादे पूरे नहीं करने के आरोप इस धरने को संबोधित करते हुए विभिन्न कर्मचारी और पेंशनर संगठनों के नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों के दौरान आम आदमी पार्टी कर्मचारियों और पेंशनरों से बड़े-बड़े वादे करके सत्ता में आई थी, लेकिन साढ़े चार वर्ष बीत जाने के बावजूद सरकार ने उनकी कोई प्रमुख मांग पूरी नहीं की। उन्होंने कहा कि पहले से मिल रही कई सुविधाओं में भी कटौती कर दी गई है। तालमेल कमेटी ने महंगाई भत्ते (डीए) की किस्त जारी करने, डीए की बकाया किस्तों का तत्काल भुगतान करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने, कर्मचारी विरोधी नोटिफिकेशन वापस लेने तथा अन्य लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग करते हुए सरकार के रवैये की कड़े शब्दों में निंदा की गई। सरकार लंबे समय से मांगों की अनदेखी कर रही है-कर्मचारी नेता इस मौके पर डीसी दफ्तर कर्मचारी यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष गुरनाम सिंह विर्क तथा पावरकॉम की टेक्निकल सर्विस यूनियन के नेता हरप्रीत सिंह ने कहा कि सरकार लंबे समय से कर्मचारियों और पेंशनरों की मांगों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले आम आदमी पार्टी ने दावा किया था कि उनकी सरकार बनने पर किसी को धरना-प्रदर्शन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, लेकिन यह दावा पूरी तरह गलत साबित हुआ है। नेताओं ने कहा कि यदि विधानसभा स्पीकर उनका मांग पत्र लेने के लिए बाहर नहीं आए तो वे अपना मांग पत्र उनके घर के बाहर चस्पा कर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *