बठिंडा सांसद बोलीं- मान सरकार को कानून की समझ नहीं: 5 करोड़ की सड़क का शिलान्यास किया, बेअदबी पर AAP को घेरा, कांग्रेस पर साधा निशाना – Bathinda News
शिरोमणि अकाली दल की वरिष्ठ नेता और बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल ने अपने चुनावी क्षेत्र के दौरे के दौरान पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर जमकर निशाना साधा। गांव करमगढ़ छतरन में एक सड़क परियोजना के शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद बादल ने बेअदबी कानून, महिलाओं के भत्ते और कांग्रेस के आंतरिक कलह को लेकर तीखे राजनीतिक बाण छोड़े। दौरे के दौरान हरसिमरत कौर बादल ने विकास कार्यों को गति देते हुए गांव करमगढ़ छतरन में 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली एक नई सड़क का शिलान्यास किया। योजना की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत सड़क की चौड़ाई को 10 फीट से बढ़ाकर 18 फीट किया जाएगा। इस अपग्रेडेशन से क्षेत्र के कम से कम दस गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या का स्थाई समाधान होगा। बेअदबी पर घेरा-साढ़े पांच साल बाद भी सरकार को कानून की समझ नहीं हरसिमरत कौर बादल ने श्री अकाल तख्त साहिब की सर्वोच्चता का हवाला देते हुए पंजाब सरकार को सिख-विरोधी और पंथ-विरोधी करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि 92-93 सीटों पर भारी बहुमत से जीतने वाले ‘आप’ के विधायकों और मंत्रियों को साढ़े पांच साल बीतने के बाद भी कानून की बुनियादी जानकारी तक नहीं है। उन्होंने श्री गुरु ग्रंथ साहिब महाराज की बेअदबी से जुड़े संवेदनशील कानून को पढ़ा तक नहीं है। केजरीवाल और भगवंत मान की सरकार सिर्फ और सिर्फ दिखावा कर रही है।” उन्होंने अकाल तख्त साहिब के कड़े निर्देशों का जिक्र करते हुए मांग की कि इस बेअदबी विरोधी कानून को जल्द से जल्द बदला जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने अकाल तख्त साहिब द्वारा ‘पंथ का गद्दार’ घोषित किए गए व्यक्ति का सामना करने को भी पूरी तरह अनुचित बताया। महिलाओं के खातों में पैसे डालने के वादे पर कसा तंज पंजाब सरकार की ओर से महिलाओं को दिए जाने वाले वित्तीय भत्ते पर तंज कसते हुए सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान सिर्फ ‘तू-तू-मैं-मैं’ में अपना समय बर्बाद कर रहे हैं। उनका पूरा ध्यान केवल बादल परिवार और अकाली दल के खिलाफ वीडियो बनाने पर केंद्रित है। उन्होंने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि महिलाओं का वास्तविक हक 52 हजार रुपये बनता है, जबकि मौजूदा सरकार उन्हें महज 3000 रुपये का लालच देकर खरीदने की कोशिश कर रही है।” कांग्रेस के विवाद पर भी साधा निशाना पंजाब की राजनीति पर चर्चा करते हुए हरसिमरत कौर बादल ने विपक्षी पार्टी कांग्रेस को भी नहीं बख्शा। उन्होंने कांग्रेस के भीतर पदाधिकारियों की नियुक्तियों और अंदरूनी कलह को लेकर चल रहे विवाद पर चुटकी लेते हुए कहा कि विपक्ष पूरी तरह बिखर चुका है और जनता का भला सिर्फ अकाली दल ही कर सकता है।
Source link

