पठानकोट में घर पहुंचते ही गिरा युवक, तोड़ा दम: परिजनों ने हत्या की जताई आशंका; मां बोली-एक महीने से मिल रही थी धमकियां – Pathankot News

पठानकोट में घर पहुंचते ही गिरा युवक, तोड़ा दम:  परिजनों ने हत्या की जताई आशंका; मां बोली-एक महीने से मिल रही थी धमकियां – Pathankot News




शहर के श्री गुरु गोबिंद सिंह नगर में 2 बेटियों के पिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 38 वर्षीय रवि जैसे ही घर के अंदर घुसा वैसे ही गिर गया और वहीं उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने पड़ोस के कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते मारपीट करने और गला दबाकर हत्या करने का संगीन आरोप लगाया है। मां परमजीत कौर का आरोप है कि पड़ोसी पिछले एक महीने से उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। वहीं, थाना 2 पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लाश को सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एक महीने से मिल रही थीं धमकियां: मृतक की मां
मृतक की मां परमजीत कौर ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि करीब एक माह पहले पड़ोसियों के साथ उनका किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उनका आरोप है कि उस घटना के बाद से ही पड़ोसी उनके बेटे को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। कई बार रवि की पिटाई की गई और पूरे परिवार को जान से मारने और नुकसान पहुंचाने की धमकियां भी दी जा रही थीं। घर के दरवाजे पर तोड़ा दम
मां परमजीत कौर के अनुसार आज भी रवि के साथ कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट की गई। मृतक की मां ने बताया मेरा बेटा अत्यंत गंभीर हालत में किसी तरह घर पहुंचा। उसने बदहवास हालत में हमें बताया कि कुछ लोगों ने उसे रास्ते में घेरकर उसके साथ मारपीट की है और उसका गला दबाने का प्रयास किया। यह बताने के कुछ ही समय बाद वह घर के मुख्य दरवाजे के पास अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा और उसने दम तोड़ दिया। युवक की अचानक हुई मौत से घर में कोहराम मच गया है। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो छोटी बेटियों और वृद्ध मां को छोड़ गया है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। डीएसपी जगदीश अत्री ने कहा कि परिजनों द्वारा दिए गए बयानों के आधार पर संदिग्धों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। फिल्हाल डेड बॉडी पर किसी तरह के निशान नहीं मिले हैं। मौत के असली कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस मामले के हर पहलू और साक्ष्यों को खंगाल रही है, रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *