मानसा नगर परिषद में टॉस ने बनाया प्रधान: दो उम्मीदवारों को बराबर मिले थे वोट, आप के समर्थन से निर्दलीय भूषण मट्टी को मिली कुर्सी – Mansa News

मानसा नगर परिषद में टॉस ने बनाया प्रधान:  दो उम्मीदवारों को बराबर मिले थे वोट, आप के समर्थन से निर्दलीय भूषण मट्टी को मिली कुर्सी – Mansa News




मानसा नगर परिषद के प्रधान पद का चुनाव बेहद उतार-चढ़ाव और रोमांचक मुकाबले के बाद आखिरकार सिक्का उछालकर (टॉस के जरिए) संपन्न हुआ। इस दिलचस्प चुनावी प्रक्रिया में आम आदमी पार्टी (AAP) और स्थानीय विधायक के समर्थन से मैदान में उतरे निर्दलीय उम्मीदवार भूषण मट्टी की किस्मत चमकी और वे टॉस जीतकर मानसा नगर परिषद के नए प्रधान चुन लिए गए। इस जीत के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह है और शहर भर में मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई जा रही है। दोनों गुटों में बराबरी पर फंसा था पेंच नगर परिषद के प्रधान पद के लिए निर्दलीय उम्मीदवार अर्पित चौधरी और भूषण मट्टी के बीच सीधी टक्कर थी। मतदान के दौरान मुकाबला बेहद कड़ा रहा। अर्पित चौधरी को शहर के 14 पार्षदों का खुला समर्थन प्राप्त था। भूषण मट्टी के पक्ष में 13 पार्षदों ने मतदान किया, लेकिन स्थानीय विधायक का वोट मिलने के कारण उनका आंकड़ा भी 14 पर पहुंच गया। दोनों ही उम्मीदवारों को 14-14 बराबर वोट मिलने के कारण स्थिति पूरी तरह टाई हो गई। इसके बाद चुनाव अधिकारियों ने नियमों के मुताबिक दोनों पक्षों की सहमति से टॉस (सिक्का उछालने) का फैसला किया, जिसमें भाग्य ने भूषण मट्टी का साथ दिया। सीनियर वाइस प्रेसिडेंट पद भाजपा और वाइस प्रेसिडेंट पद ‘आप’ के खाते में प्रधान पद के अलावा अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी आम सहमति और पारदर्शिता के साथ चुनाव संपन्न कराया गया, जिसमें एक मिला-जुला राजनीतिक स्वरूप देखने को मिला। सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (वरिष्ठ उपप्रधान) के पद पर भाजपा पार्षद प्रेम सागर भोला का चयन हुआ। वाइस प्रेसिडेंट (उपप्रधान) के पद पर आम आदमी पार्टी के पार्षद कृष्ण सिंह को चुना गया। “पूरी पारदर्शिता से हुआ चुनाव, अब बदलेगी मानसा की सूरत” — विधायक डॉ. विजय सिंगला मानसा के स्थानीय विधायक डॉ. विजय सिंगला ने नव-निर्वाचित टीम को बधाई देते हुए कहा कि नगर परिषद के सभी पदों का चुनाव पूरी पारदर्शिता के साथ लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुआ है। अब भूषण मट्टी, प्रेम सागर भोला और कृष्ण सिंह की यह त्रिमूर्ति बिना किसी भेदभाव के मानसा शहर के विकास के लिए मिलकर काम करेगी। शहर में लंबे समय से जो भी विकास कार्य रुके या लटके हुए थे, उन्हें अब युद्ध स्तर पर अमलीजामा पहनाया जाएगा।” विकास कार्यों को गति देना मेरी पहली प्राथमिकता: भूषण मट्टी नगर परिषद के नवनियुक्त प्रधान भूषण मट्टी ने जिम्मेदारी संभालने के बाद मानसा निवासियों को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में सिर्फ और सिर्फ विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। शहर के बुनियादी ढांचों को मजबूत करना और अधूरे पड़े प्रोजेक्ट्स को समय सीमा के भीतर पूरा करना ही उनकी नई टीम का मुख्य लक्ष्य है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *