मोगा में आईलेट छात्रा ने दी जान: पिता को सेंटर पर नहीं मिली, भाई को बोली- मैं नहर में कूद रही हूं, गांव के युवक पर प्रताड़ना का आरोप – Moga News
मोगा के अंतर्गत आते गांव रोडे से एक बेहद दुखद और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां गांव के ही एक युवक की प्रताड़ना से परेशान होकर 24 वर्षीय एक युवती ने नहर में कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। यह खौफनाक कदम युवती ने तब उठाया जब उसे पता चला कि उसके पिता को उसके सेंटर न पहुंचने की बात मालूम हो गई है। पुलिस ने मृतका के पिता के बयानों के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार, मृतका हरलीन कौर पिछले चार महीनों से बाघापुराना के ‘एडीशन आईलेट्स सेंटर’ में नैनी का कोर्स कर रही थी। 2 जुलाई को वह रोज की तरह घर से सेंटर के लिए निकली थी। इसी दौरान उसके पिता सुखमन्द्र सिंह (निवासी रूपा पत्ती, गांव रोडे) अपने मोटरसाइकिल की मरम्मत करवाने के लिए बाघापुराना गए थे। जब वह अपनी बेटी से मिलने सेंटर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। उन्हें पता चला कि उनकी बेटी उस दिन सेंटर आई ही नहीं थी। भतीजे को फोन कर बोली– ‘पिताजी को पता चल गया है, मैं नहर में कूद रही हूं’ पिता सुखमन्द्र सिंह ने बताया कि उन्होंने बेटी के मोबाइल पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उन्होंने घर पर अपनी पत्नी को भी सूचित किया। इसी बीच गांव लौटने पर उनके भतीजे बेअंत सिंह ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया। बेअंत ने बताया कि मेरे पास हरलीन का फोन आया था। वह बेहद घबराई हुई थी और उसने कहा कि पिताजी को पता चल गया है कि वह आज सेंटर नहीं आई, इसलिए वह अब नहर में कूदने जा रही है।” इस कॉल के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और उन्होंने तुरंत हरलीन की तलाश शुरू की। देर रात परिवार को सूचना मिली कि हरलीन का शव गांव भलूर से माहला को जाने वाली नहर (सुए) में उतराता हुआ मिला है। गांव का ही युवक करता था तंग, सहेली ने खोला राज मृतका के पिता ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि उनके बेटे को हरलीन की एक सहेली ने पूरी सच्चाई बताई थी। सहेली के मुताबिक, हरलीन की बातचीत गांव के ही यादवीर सिंह उर्फ जोगा से थी, जो उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान और तंग करता रहता था। हरलीन को इस बात का डर था कि उसकी इस परेशानी और सेंटर न जाने की बात उसके पिता को पता चल चुकी है, जिससे आहत होकर उसने सुए में छलांग लगा दी। पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की मौत के लिए पूरी तरह से यादवीर सिंह जोगा ही जिम्मेदार है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज, जांच जारी थाना समालसर के सहायक थानेदार (ASI) मनजिन्द्र सिंह ने बताया कि सुखमन्द्र सिंह के बयानों पर आरोपी यादवीर सिंह उर्फ जोगा के खिलाफ धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाने) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल मोगा में पोस्टमार्टम करवाने के बाद वारिसों के हवाले कर दिया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और मामले की गहनता से जांच जारी है।
Source link

