सिद्धू मूसेवाला के पिता का जमीन विवाद का वीडियो वायरल: बोले- बदनाम करने की साजिश, मैने जमीन खरीदी है, मेरे पास सारे दस्तावेज – Mansa News
दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर उनके एक जमीन विवाद से जुड़े वीडियो के वायरल होने के बाद बलकौर सिंह ने सामने आकर इस पूरे मामले पर अपनी सफाई दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर उनकी छवि खराब करने और उनकी ही जमीन पर कब्जा करने की नीयत से यह साजिश रच रहे हैं। ‘मेरे पास जमीन के पुख्ता कानूनी दस्तावेज’ मानसा निवासी बलकौर सिंह ने स्पष्ट किया कि जिस जमीन को लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है, वह करीब आधा किला जमीन उन्होंने पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत खरीदी है। उनके पास इस जमीन की रजिस्ट्री, इंतकाल (Mutation) और अन्य सभी आवश्यक दस्तावेज मौजूद हैं। पूर्व सरपंच पर लगाया वीडियो बनाकर बदनाम करने का आरोप पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बलकौर सिंह ने बताया कि जब मैं अपनी खरीदी हुई जमीन पर पानी लगाने गया था, तो वहां गांव के पूर्व सरपंच अवतार सिंह और एक महिला पहले से मौजूद थे। जैसे ही मैंने अपनी जमीन पर काम शुरू करना चाहा, उन्होंने मुझे रोकने का प्रयास किया। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि इसके बाद उन पर जबरन जमीन पर कब्जा करने का झूठा आरोप लगाते हुए एक वीडियो रिकॉर्ड किया गया, जिसे बाद में साजिश के तहत सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। ‘बेटे ने मेरे लिए बहुत कुछ छोड़ा है’ विवाद पर कड़ा रुख अपनाते हुए बलकौर सिंह ने कहा कि उनकी कभी भी किसी की जमीन पर कब्जा करने की न तो मंशा रही है और न ही उन्हें इसकी जरूरत है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि मेरे बेटे (सिद्धू मूसेवाला) ने मेरे लिए पर्याप्त संपत्ति छोड़ी है। मुझे किसी की जमीन हड़पने की कोई आवश्यकता नहीं है।” उन्होंने साफ तौर पर कहा कि कुछ असामाजिक तत्व उन्हें बदनाम करके उनकी ही जमीन और प्लॉटों को निशाना बनाना चाहते हैं। कानूनी कार्रवाई की चेतावनी बलकौर सिंह ने घोषणा की है कि वह इस झूठे प्रचार और साजिश के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया यूजर्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को भी सख्त चेतावनी दी है कि भविष्य में उनका पक्ष जाने बिना इस तरह के भ्रामक वीडियो को प्रसारित न किया जाए।
Source link

