लुधियाना के खन्ना में पुलिस का एक्शन: बुलेट के 150 अवैध साइलेंसर बुलडोजर से तोड़े, पटाखा छोड़ने वालों को दी चेतावनी – Khanna News
खन्ना पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण फैलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने बुलेट मोटरसाइकिलों में लगे लगभग 150 अवैध साइलेंसरों को सार्वजनिक रूप से बुलडोजर चलाकर नष्ट कर दिया। यह अभियान एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया (आईपीएस) के नेतृत्व में चलाया गया, जिसका उद्देश्य जिले में यातायात अनुशासन को मजबूत करना और नागरिकों को शांतिपूर्ण वातावरण प्रदान करना है। यह कार्रवाई खन्ना के अमलोह चौक पर की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बुलेट मोटरसाइकिलों से तेज आवाज वाले पटाखे छोड़ने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा। इस अभियान के तहत जिलेभर में सैकड़ों वाहनों के चालान किए गए और अवैध साइलेंसर जब्त कर नष्ट किए गए। बड़ी संख्या में लोग इस कार्रवाई को देखने पहुंचे और पुलिस की इस पहल की सराहना की। एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के अनुसार, कुछ युवक बुलेट मोटरसाइकिलों में अवैध साइलेंसर लगाकर तेज आवाजें निकालते थे। इससे बाजारों, रिहायशी इलाकों, स्कूलों और अस्पतालों के आसपास के लोगों को परेशानी होती थी। विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों, छोटे बच्चों और हृदय रोगियों के लिए ये आवाजें गंभीर असुविधा का कारण बन रही थीं। SSP बोलीं- यह अभियान केवल एक शुरुआत है एसएसपी ने आगे कहा कि यह अभियान केवल एक शुरुआत है। अगले चरण में उन वर्कशॉप, गैराज और मैकेनिकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी, जो वाहनों में अवैध साइलेंसर लगाते हैं या गैरकानूनी संशोधन करते हैं। ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ एफआईआर भी दर्ज की जाएगी। एसएसपी ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई नाबालिग इस तरह का उल्लंघन करता पाया जाता है, तो कानून के अनुसार उसके अभिभावकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। इस अवसर पर डीएसपी ट्रैफिक करमवीर सिंह तूर और ट्रैफिक इंचार्ज कुलजीत सिंह सहित ट्रैफिक पुलिस के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। पुलिस ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि कानून व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और आम नागरिकों की शांति सुनिश्चित की जा सके।
Source link

