चंडीगढ़ में BSNL की अंडरग्राउंड पाइप में घूसे चोर: कॉपर वायर काट रहे थे, AGM ने रंगे हाथों पकड़ा, आरी ब्लेड और ऑटो जब्त किया – Chandigarh News

चंडीगढ़ में BSNL की अंडरग्राउंड पाइप में घूसे चोर:  कॉपर वायर काट रहे थे, AGM ने रंगे हाथों पकड़ा, आरी ब्लेड और ऑटो जब्त किया – Chandigarh News




चंडीगढ़ में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब वे दिनदहाड़े भी सरकारी संपत्ति पर हाथ साफ करने से नहीं डर रहे। ताजा मामला सेक्टर-16 स्टेडियम के पास का है, जहां दो शख्स बीएसएनएल की अंडरग्राउंड पाइपलाइन में घुसकर कॉपर वायर काट रहे थे। इसी दौरान चेकिंग के लिए पहुंचे बीएसएनएल के एजीएम दविंदर कुमार की नजर पाइपलाइन के खुले ढक्कन पर पड़ी। शक होने पर उन्होंने अंदर देखा तो आवाज सुनाई दी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सेक्टर-17 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पाइपलाइन के अंदर से दोनों आरोपियों को बाहर निकालकर हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बीएसएनएल की कॉपर वायर चोरी करने की बात कबूल कर ली। इंस्पेक्शन के दौरान हुआ चोरी का खुलासा पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंडीगढ़ के गांव फैदा निवासी अजय कुमार और रविंदर कुमार के रूप में की है। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इन दोनों ने शहर में पहले कितनी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है और इनके साथ कोई अन्य साथी भी शामिल है या नहीं। बीएसएनएल के एजीएम दविंदर कुमार ने बताया कि हाल ही में सेक्टर-9 और सेक्टर-17 स्थित आरबीआई के पास बीएसएनएल की कॉपर वायर चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। सेक्टर-17 की घटना में पुलिस और बीएसएनएल की टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन आरोपी भागने में सफल हो गए थे। हालांकि वे अपनी एक जीप मौके पर ही छोड़ गए थे, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया था। इन्हीं घटनाओं के बाद बीएसएनएल की ओर से शहर में लगातार निरीक्षण किया जा रहा था। वीरवार को दविंदर कुमार सेक्टर-16 स्टेडियम के पास निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि अंडरग्राउंड पाइपलाइन का ढक्कन खुला हुआ है और उसके पास एक जोड़ी चप्पल पड़ी है। इससे उन्हें शक हुआ कि कोई पाइप के अंदर मौजूद है। अंदर से आ रही थी आवाज दविंदर कुमार ने जब पाइप के अंदर झांककर देखा तो उन्हें अंदर से आवाज सुनाई दी। उन्होंने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में सेक्टर-17 थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पाइपलाइन के अंदर उतरकर दोनों आरोपियों को बाहर निकाला। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे बीएसएनएल की कॉपर वायर काटने आए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कॉपर वायर काटने में इस्तेमाल होने वाला आरी ब्लेड बरामद किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी हरविंदर ऑटो चलाता है और दोनों उसी ऑटो में चोरी करने पहुंचे थे। पुलिस ने ऑटो को भी कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। पैसों का लालच देकर साथ लाया एजीएम दविंदर कुमार के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी अजय कुमार ने बताया कि वह पहली बार चोरी करने आया था। हरविंदर ने उसे पैसों का लालच देकर अपने साथ लाया था। वहीं हरविंदर पर पहले भी कॉपर वायर चोरी में शामिल होने का संदेह है। पुलिस उसके पुराने रिकॉर्ड और अन्य मामलों में संलिप्तता की जांच कर रही है। पिछले कुछ समय से शहर में कॉपर वायर चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे दूरसंचार सेवाएं भी प्रभावित होती हैं और विभाग को लाखों रुपए का नुकसान उठाना पड़ता है। विभाग ने ऐसे संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है और पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई तेज कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *